Post Views: 0
वैदिक संस्कृति, विवाह संस्कार और मंगल गीतों की विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचाएं
अपने गांव की पुरानी विवाह परंपराएं, मंगल गीत, रीति-रिवाज और संस्मरण अमर संदेश के साथ साझा करें
Amar sandesh।डिजिटल युग में आधुनिकता के साथ कदमताल करना समय की आवश्यकता है, लेकिन अपनी जड़ों, लोक संस्कृति और सदियों पुरानी परंपराओं को सहेजना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। वेदोक्त रीति-रिवाजों और वैदिक संस्कृति को जीने वाली हमारी देवभूमि उत्तराखंड की विवाह परंपराएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा रही हैं।
पुराने समय में उत्तराखंड में विवाह केवल दो परिवारों का मिलन नहीं, बल्कि वैदिक मंत्रों, पूजा-पाठ, विभिन्न संस्कारों, मंगल गीतों, लोकगीतों, रीति-रिवाजों और सामूहिक सहभागिता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन होता था।
बारात के आगमन से लेकर विवाह की विभिन्न रस्मों, फेरे, पूजा-विधि, मंगल गीतों, महिलाओं के पारंपरिक गीतों, हास्य-विनोद से जुड़े लोकगीतों और विदाई तक हर अवसर की अपनी अलग परंपरा होती थी। समय के साथ इनमें से अनेक परंपराएं धीरे-धीरे हमारी स्मृतियों तक सीमित होती जा रही हैं।
आपकी याद बन सकती है हमारी सांस्कृतिक धरोहर
अमर संदेश अपने पाठकों से विशेष आग्रह करता है कि यदि आपके पास अपने गांव, क्षेत्र या परिवार में प्रचलित पुराने विवाह संस्कारों से जुड़ी कोई स्मृति, जानकारी, फोटो या अनुभव सुरक्षित है, तो उसे एक लेख के रूप में लिखकर हमारे साथ साझा करें।
आप अपने अनुभवों में यह बताएं कि आपके गांव या क्षेत्र में पुराने समय में विवाह किस प्रकार होते थे, कौन-कौन से वेदोक्त एवं वैदिक रीति-रिवाज और विवाह संस्कार निभाए जाते थे, बारात के स्वागत की क्या परंपरा थी, कौन से मंगल गीत और लोकगीत गाए जाते थे तथा विवाह और विदाई के समय कौन-कौन सी पारंपरिक रस्में निभाई जाती थीं।
आपके द्वारा साझा किया गया यह अनुभव केवल आपकी व्यक्तिगत स्मृति नहीं होगा, बल्कि हमारी सामूहिक सांस्कृतिक विरासत का दस्तावेज बन सकता है।
अमर संदेश में प्रकाशित आपके लेख, अनुभव और संस्मरण आने वाली पीढ़ियों को यह जानने और समझने का अवसर देंगे कि हमारे गांवों में पुराने समय में विवाह किस प्रकार होते थे, हमारी वैदिक संस्कृति और लोक परंपराएं किस तरह जीवंत थीं तथा विवाह संस्कारों के साथ हमारी सामाजिक और सांस्कृतिक जीवनशैली किस प्रकार जुड़ी हुई थी।
हम चयनित लेखों और संस्मरणों को अपने समाचार पत्र ‘अमर संदेश’ के साथ-साथ अपने डिजिटल मंच amarsandesh.com पर भी प्रकाशित करेंगे, ताकि उत्तराखंड की पुरानी विवाह परंपराओं और संस्कृति से जुड़ी यह महत्वपूर्ण जानकारी अधिक से अधिक लोगों और विशेष रूप से आने वाली पीढ़ी तक पहुंच सके।
आप हमें बताएं
आपके गांव या क्षेत्र में पुराने समय में विवाह किस वेदोक्त या वैदिक विधि-विधान से होता था?
बारात के आगमन और स्वागत की क्या परंपरा थी?
कौन-कौन से पूजा-पाठ और विवाह संस्कार किए जाते थे?
फेरे किस विधि और किन परंपराओं के साथ होते थे?
विवाह के अवसर पर कौन-कौन से मंगल गीत और लोकगीत गाए जाते थे?
महिलाओं द्वारा गाए जाने वाले पारंपरिक गीतों की क्या विशेषता थी?
बारात के स्वागत के दौरान कौन से हास्य-विनोद वाले लोकगीत गाए जाते थे?
विदाई के समय कौन-कौन से पारंपरिक गीत और रीति-रिवाज निभाए जाते थे?
आपके क्षेत्र की ऐसी कौन-सी विवाह परंपरा है, जो आज लगभग समाप्त हो चुकी है?
यदि आपके पास पुराने विवाह समारोहों की तस्वीरें, निमंत्रण पत्र, पारंपरिक गीतों के बोल, विवाह संस्कारों की जानकारी या अन्य संबंधित सामग्री उपलब्ध है, तो उसे भी अपने लेख के साथ साझा करें।
अपनी स्मृतियां और अनुभव हमें भेजें
अपनी जानकारी, अनुभव, संस्मरण, लेख और फोटो ई-मेल के माध्यम से अमर संदेश को भेजें:
amarsandesh2004@gmail.com
प्राप्त सामग्री में से चयनित सामग्री को लेखक/प्रेषक के नाम के साथ अमर संदेश समाचार पत्र और amarsandesh.com पर प्रकाशित किया जाएगा।
आइए, आधुनिकता के साथ अपनी वैदिक और लोक विरासत को भी बचाएं।
क्योंकि जो संस्कृति हमारी स्मृतियों से मिट जाती है, उसे आने वाली पीढ़ियां केवल किताबों में खोजती हैं।
अमर संदेश आपकी संस्कृति, आपकी स्मृतियां और आपकी विरासत को सहेजने का एक प्रयास।
Related