Post Views: 0
खटीमा शहीद दिवस पर श्रद्धांजलि सभा एवं भजन संध्या, हर्ष मल्होत्रा, विनोद बछेती सहित भाजपा नेताओं ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
Amar sandesh नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। खटीमा उत्तराखंड शहीद दिवस के अवसर पर दिल्ली भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ की ओर से भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अलग उत्तराखंड राज्य के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों और आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके संघर्ष एवं योगदान को याद किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, दिल्ली की उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती, विधायक रवि सिंह नेगी, प्रकोष्ठ प्रभारी अशोक ठाकुर तथा उत्तराखंड प्रकोष्ठ संयोजक नरेन्द्र मनराल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हर्ष मल्होत्रा ने शहीदों के बलिदान को किया नमन
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि 2 अक्टूबर उत्तराखंड के उन वीर सपूतों को स्मरण करने का दिन है, जिन्होंने अलग राज्य के सपने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1994 में उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर हजारों आंदोलनकारी अपने अधिकार और पहचान की मांग के साथ आंदोलनरत थे।
उन्होंने खटीमा और रामपुर तिराहा की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आंदोलनकारियों के बलिदान को याद किया। मल्होत्रा ने कहा कि शहीदों का बलिदान व्यर्थ नहीं गया और 9 नवंबर 2000 को उत्तराखंड राज्य का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड और देश के विकास में शहीदों के सपनों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
विनोद बछेती ने कहा- शहीदों का संघर्ष उत्तराखंड की पहचान का आधार
दिल्ली भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती ने शहीदों एवं आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के शहीदों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
बछेती ने कहा कि नई पीढ़ी को उत्तराखंड आंदोलन के इतिहास और उसके पीछे छिपे संघर्ष से परिचित कराना जरूरी है। शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड की संस्कृति, पहचान और विकास को आगे बढ़ाने के लिए समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
भजनों के माध्यम से दी शहीदों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान भजन गायक जगदीश शर्मा ने भजनों की प्रस्तुति देकर उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को भजनांजलि दी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शहीदों की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता माया सिंह बिष्ट, यशपाल कैन्तुरा, अर्जुन सिंह राणा, तुलसी जोशी, संगीता बिष्ट, ललित जोशी, दयाल सिंह नेगी, आनंद सिंह नेगी, नरेन्द्र बेलवाल, जगमोहन बिष्ट,वीरेन्द्र आर्या, रिंकू बिष्ट, मोहन सिंह रावत, अरुण रावत सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों और आंदोलनकारियों का योगदान प्रदेश के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके संघर्ष और बलिदान से मिली राज्य की पहचान और विरासत को सुरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है
Related