Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली। एनएचपीसी लिमिटेड के मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) का अतिरिक्त कार्यभार श्री राजेश कुमार सिंह, आईआरएसएस (2002) ने 6 अक्तूबर 2026 को ग्रहण कर लिया। एनएचपीसी भारत की अग्रणी जलविद्युत कंपनी तथा भारत सरकार का नवरत्न सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम है।
श्री सिंह को यह अतिरिक्त दायित्व पदभार ग्रहण करने की तिथि से छह माह की अवधि के लिए अथवा नियमित सीवीओ की नियुक्ति होने तक अथवा अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, सौंपा गया है।
श्री राजेश कुमार सिंह वर्तमान में पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन में मुख्य सतर्कता अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका मजबूत शैक्षणिक आधार है। उन्होंने आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में बी.टेक. तथा आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी से कम्युनिकेशन सिस्टम्स में एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की है। इसके अलावा उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और चीन में सीनियर लीडरशिप प्रोग्राम भी पूरा किया है।
भारतीय रेलवे में 24 वर्षों से अधिक के अपने लंबे सेवाकाल के दौरान श्री सिंह ने विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं तकनीकी दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) तथा मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली में मुख्य सामग्री प्रबंधक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। मॉडर्न कोच फैक्ट्री में वे खरीद संबंधी कार्यों की देखरेख के लिए जिम्मेदार रहे।
अपने व्यापक सेवाकाल में श्री सिंह ने क्रय, सतर्कता, सूचना प्रौद्योगिकी और सामग्री प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गहरा अनुभव अर्जित किया है। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्रॉस-फंक्शनल टीमों का नेतृत्व और प्रबंधन भी किया है।
प्रशासनिक अनुभव, तकनीकी दक्षता और सतर्कता क्षेत्र में विशेषज्ञता के साथ एनएचपीसी में उनकी नई जिम्मेदारी को संस्थागत पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में और मजबूती लाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सार्वजनिक सेवा में सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, नवाचार और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने के उनके अनुभव से एनएचपीसी के सतर्कता तंत्र को और प्रभावी बनाने में योगदान मिलने की उम्मीद है।
Related