राजस्थानराष्ट्रीय

जयपुर में हैप्पीनेस फेडरेशन का आयोजन, महापौर सुनील कोठारी समापन समारोह में होंगे शामिल

विश्व के खुशहाल शहरों में जयपुर की पहचान को मिलेगा नया आयाम, 10-11 अक्टूबर को बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा दो दिवसीय आयोजन

 

Amar sandesh दिल्ली/जयपुर, अक्टूबर। हैप्पीनेस फेडरेशन की ओर से 10 एवं 11 अक्टूबर को बिड़ला ऑडिटोरियम, जयपुर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम के समापन समारोह में जयपुर के महापौर सुनील कोठारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के आयोजक डॉ. आदित्य नाग ने मंगलवार को महापौर से व्यक्तिगत मुलाकात कर उन्हें आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

मुलाकात के दौरान डॉ. आदित्य नाग ने महापौर को कार्यक्रम की अवधारणा, उद्देश्यों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी। इस दौरान प्रसन्नता, सकारात्मक जीवन-दृष्टि, सामाजिक समरसता और जनकल्याण जैसे विषयों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

डॉ. आदित्य नाग ने कहा कि सुनील कोठारी उनके लिए जयपुर के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ बड़े भाई के समान आत्मीय व्यक्तित्व हैं। उन्होंने बताया कि अनेक पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों और व्यस्तताओं के बावजूद महापौर ने उनके व्यक्तिगत आग्रह को स्वीकार करते हुए समापन समारोह में उपस्थित रहने की सहमति दी है।

आयोजकों के अनुसार, जयपुर में इस आयोजन का होना विशेष महत्व रखता है। Time Out की 2026 की ‘World’s Happiest Cities’ सूची का हवाला देते हुए आयोजकों ने कहा कि जयपुर को विश्व के खुशहाल शहरों में छठा स्थान मिला है और वह इस सूची के शीर्ष दस शहरों में शामिल होने वाला एकमात्र भारतीय शहर रहा।

इसी पृष्ठभूमि में हैप्पीनेस फेडरेशन का आयोजन जयपुर की जीवंत संस्कृति, सामुदायिक सौहार्द और सकारात्मक जीवन-दृष्टि को व्यापक मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

दो दिवसीय कार्यक्रम में मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य, प्रसन्नता, सकारात्मक सोच, मानवीय संवेदना और सामाजिक सौहार्द जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से सुखी व्यक्ति, सुखी परिवार और सुखी समाज की अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े द्वारा किया जाएगा। आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व, विचारक और प्रबुद्धजन भी सहभागिता करेंगे।

हैप्पीनेस फेडरेशन का उद्देश्य प्रसन्नता को केवल व्यक्तिगत अनुभव तक सीमित न रखते हुए इसे सकारात्मक सामाजिक संस्कार और व्यापक जन-जागरूकता से जोड़ना है। आयोजकों का कहना है कि जयपुर से प्रसन्नता और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का यह संदेश देशभर में पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *