दिल्लीबिहारराज्यराष्ट्रीय

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में बिहार विधान सभा चुनाव की भव्य सफलता पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया

देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज बुधवार को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में बिहार विधान सभा चुनाव और देश भर में हुए उप-चुनावों में पार्टी की भव्य सफलता पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और इस शानदार जीत के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा और पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी। मंच पर उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा , माननीय गृह मंत्री एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह , केंद्रीय रक्षा मंत्री एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह , केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन गडकरी और पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव श्री बी. एल. संतोष उपस्थित थे।

श्री मोदी ने कहा कि मैं आज आभार व्यक्त करता हूं महान देश की महान जनता का। मैं आज धन्यवाद अर्पित करता हूं, देश के कोटि-कोटि नागरिकों का। इन चुनावों को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग, देश के सुरक्षाबल और स्थानीय प्रशासन भी बधाई के पात्र हैं। चुनाव नतीजों में हार-जीत अपनी जगह है लेकिन चुनाव की ये प्रक्रिया ही हर भारतीय के लिए गौरव का विषय है। इसलिए मैं पूरे देश को बधाई देता हूं, कोटि-कोटि देशवासियों का धन्यवाद करता हूँ। उन्होंने कहा कि कोरोना के इस संकट काल में ये चुनाव कराना आसान नहीं था लेकिन हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्थाएं इतनी सशक्त हैं, पारदर्शी हैं, कि इस संकट के बीच भी उन्होंने इतना बड़ा चुनाव कराकर दुनिया को भी भारत के ताक़त की पहचान करा दी है। ये चुनावी नतीजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा की कुशलता और प्रभावी रणनीति का भी परिणाम है। नड्डा जी, आप आगे बढ़ें, हम सब आपके साथ हैं। मैं बिहार और देश के बाकी राज्यों में हुए उप-चुनावों में पार्टी की शानदार जीत के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष को हार्दिक बधाई देता हूँ। माननीय प्रधानमंत्री जी के साथ सब ने खड़े होकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा का अभिनंदन किया। श्री मोदी ने कहा कि कल जो चुनाव नतीजे आए, उसका निहितार्थ बहुत गहरा है, उसके मायने बहुत बड़े हैं। लोक सभा चुनाव में जो नतीजे आए थे, ये उसका और व्यापक विस्तार है।

माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूर्व में जीती, मणिपुर में कमल का झंडा फहरा दिया। भारतीय जनता पार्टी पश्चिम में जीती, गुजरात में जीती। भाजपा को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में विजय प्राप्त हुई और भाजपा को दक्षिण में कर्नाटक – तेलंगाना में भी सफलता मिली। भाजपा ही एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय स्तर की पार्टी है जिसका परचम जनता ने पूरे देश में फहराया है। कभी हम दो सीटों पर सीमित थे, आज हिंदुस्तान के हर कोने में हैं, हर किसी के दिल में हैं। भारत के लोग, 21वीं सदी के भारत के नागरिक, बार-बार अपना संदेश स्पष्ट कर रहे हैं। अब सेवा का मौका उसी को मिलेगा, जो देश के विकास के लक्ष्य के साथ ईमानदारी से काम करेगा। हर राजनीतिक दल से देश के लोगों की यही अपेक्षा है कि देश के लिए काम करें, देश के काम से मतलब रखें।

श्री मोदी ने कहा कि कल जो नतीजे आए, उसने साबित कर दिया है कि आप काम करेंगे तो लोगों से आपको भरपूर आशीर्वाद भी मिलेगा। आप खुद को समर्पित करेंगे, चौबीसों घंटे देश के विकास के बारे में सोचेंगे, कुछ नया करने की चेष्टा करेंगे तो आपको नतीजे भी मिलेंगे। कल के नतीजों में देश की जनता ने फिर ये तय कर दिया है कि 21वी सदी में देश की राजनीति का मुख्य आधार- सिर्फ और सिर्फ विकास ही होगा। देश का विकास, राज्य का विकास, आज सबसे बड़ी कसौटी है और आने वाले समय में भी यही चुनाव का आधार रहने वाला है। जो लोग ये नहीं समझ रहे, इस बार भी उनकी जगह-जगह जमानत जब्त हो गयी है।

माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि कई बार कहा जाता है कि बैंक खाते, गैस कनेक्शन, घर, स्वरोजगार के लिए सुविधाएं, अच्छी सड़कें, अच्छे रेलवे स्टेशन, बेहतर हवाई अड्डे, नदियों पर बनते आधुनिक पुल, इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसे मुद्दे कोई अहमियत नहीं रखते। जनता ऐसे लोगों को बार-बार ये कह रही है कि असली मुद्दे यही हैं। हम हर वो फैसला लेंगे जो देशहित में हो, देश के लोगों के हित में हो। आज देश, भारतीय जनता पार्टी पर जो स्नेह दिखा रहा है, एनडीए पर जो स्नेह दिखा रहा है उसकी सबसे बड़ी वजह यही है कि भाजपा ने, एनडीए ने देश के विकास को, लोगों के विकास को अपना सर्वोपरि लक्ष्य बनाया हुआ है। हम हर वो काम करेंगे जो देश को आगे ले जाए। आज भाजपा ही एकमात्र पार्टी है जो राष्ट्रीय आकांक्षाओं के साथ ही हर क्षेत्र के गौरव को भी उतने ही गर्व के साथ अपने साथ लेकर चलती है।

श्री मोदी ने कहा कि –

आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है जिसमें गरीब, दलित, पीड़ित, शोषित, वंचित, अपना प्रतिनिधित्व देखते हैं, अपना भविष्य देखते हैं।
आज भाजपा ही देश की एकमात्र राष्ट्रीय पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की आवश्यकताओं को समझती है, उनके लिए काम कर रही है।
आज देश के नौजवानों को सबसे ज्यादा भरोसा किसी पर है तो वो भाजपा है। दलितों-पीड़ितों-शोषितों की अगर कोई आवाज है, तो वो भाजपा है।
देश के मध्यम वर्ग के सपनों को पूरा करने के लिए कोई दिन-रात प्रयास कर रहा है, तो वो भाजपा है।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए, उनकी गरिमा-गौरव सुनिश्चित करने के लिए जिस पार्टी पर भरोसा किया जा रहा है, तो वो भाजपा है।
आर्थिक सुधार हो, कृषि सुधार हों या फिर देश की सुरक्षा, शिक्षा की बात हो, नई व्यवस्थाओं की बात हो या फिर किसानों-श्रमिकों का हित, ये भाजपा ही है जिस पर देश आज सबसे ज्यादा भरोसा कर रहा है।

ये भरोसा भाजपा के लिए, मेरे लिए, आपके प्रधानसेवक के लिए बहुत बड़ी पूंजी है। भाजपा की सफलता के पीछे उसका गवर्नेंस मॉडल है। जब लोग गवर्नेंस के बारे में सोचते हैं, तो भाजपा के बारे में सोचते हैं। भाजपा सरकारों की पहचान ही है – गुड गवर्नेंस। बिहार तो सबसे खास है।

माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर आज आप मुझे बिहार के चुनाव नतीजों के बारे में पूछेंगे तो मेरा जवाब भी जनता के जनादेश की तरह साफ है – बिहार में सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास के मंत्र की जीत हुई है। बिहार में विकास के कार्यों की जीत हुई है। बिहार में सच जीता है, विश्वास जीता है! बिहार का युवा जीता है, माताएं-बहनें-बेटियां जीती हैं! बिहार का गरीब जीता है, किसान जीता है! ये बिहार की आकांक्षाओं की जीत है, बिहार के गौरव की जीत है। मैं बिहार के अपने भाइयों और बहनों से कहूंगा, आपने एक बार फिर सिद्ध किया है कि बिहार क्यों लोकतंत्र की ज़मीन कहा जाता है। आपने फिर सिद्ध किया है कि वाकई, बिहारवासी पारखी भी हैं और जागरूक भी। हम सभी भाजपा के कार्यकर्ता, नितीश के नेतृत्व में NDA के कार्यकर्ता, हर बिहारवासी के साथ बिहार के विकास के संकल्प को सिद्ध करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे।

श्री मोदी ने कहा कि मैं कल से टीवी पर देख रहा हूं, अखबारों में चर्चा है Silent Voters को लेकर। भाजपा के पास Silent Voters का एक ऐसा वर्ग है जो उसे बार-बार वोट दे रहा है, निरंतर वोट दे रहा है। ये Silent Voters हैं, देश की माताएं, बहनें, महिलाएं, देश की नारीशक्ति। 21वीं सदी का भारत, एक नए मिजाज का भारत है। न हमें आपदाएं रोक सकती हैं और न ही बड़ी-बड़ी चुनौतियां। मैं एक नए भारत के उदय को देख रहा हूं। एक ऐसा भारत, जो आत्मविश्वास से भरा हुआ है, जो अपने सामर्थ्य को पहचानता है, जो अपने लक्ष्यों के प्रति सचेत है, गंभीर है।

माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि –

स्पेस सेक्टर को सभी के लिए खोला गया-कोरोना काल में
देश के सभी गांवों को ब्रॉडबैंड से जोड़ने का अभियान शुरू हुआ- कोरोना काल में
नेशनल डिजिटल हेल्थ मिशन शुरू हुआ-कोरोना काल में
गांव की जमीन और घर के लिए प्रापर्टी कार्ड देने वाली स्कीम- स्वामित्व योजना शुरू हुई कोरोना काल में।
जब दुनिया के अनेक देश थम गए थे, हमारे देश ने नई नीतियां भी बनाईं, नए निर्णय भी लिए। कृषि क्षेत्र में लिए गए ऐतिहासिक सुधार हुए कोरोना काल में।
ऐतिहासिक श्रम सुधार हुए, कोरोना काल में।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू किया गया- कोरोना काल में।

श्री मोदी ने कहा कि भारत के लोकतंत्र में डगर-डगर पर, परिपक्वता के दर्शन होते हैं। भारत की युवा पीढ़ी, लोकतंत्र के प्रति सच्ची निष्ठा और श्रद्धा रखती है। मजबूत लोकतंत्र में ही उसे अवसर नजर आते हैं और अपने अधिकारों की रक्षा के प्रति वो ज्यादा आश्वस्त रहता है लेकिन दुर्भाग्य से कश्मीर से कन्याकुमारी तक परिवारवादी पार्टियों का जाल लोकतंत्र के लिए खतरा बनता जा रहा है। ये देश का युवा भली-भांति जानता है। परिवारों की पार्टियां या परिवारवादी पार्टियां, लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं।

माननीय प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा यह उद्देश्य होना चाहिए कि पार्टी हर कार्यकर्ता और हर नागरिक के लिए अवसरों का एक बेहतरीन मंच बने। जहां प्रतिभा के साथ न्याय हो और परिश्रम को पुरस्कार मिले। मैं देश के युवाओ को, जिनके दिल में राष्ट्रहित सर्वोपरि है, जिनमें लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्धता है, ऐसे युवाओं को निमंत्रित करता हूं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी का दायित्व और बढ़ जाता है। हमें अपनी पार्टी में भीतर के लोकतंत्र को मजबूत बनाएं रखना है। हमें अपनी पार्टी को जीवंत लोकतंत्र का जीता-जागता उदाहरण बनाना है। देश के युवाओं से मेरा आह्वान है, वो आगे आएं और भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से देश की सेवा में जुट जाएं। अपने सपनों को साकार करने के लिए, अपने संकल्पों को सिद्ध करने के लिए, कमल को हाथ में लेकर चल पड़ें।

श्री मोदी ने कहा कि देश के कुछ हिस्सों में ऐसे लोगों को लगता है कि भाजपा के कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारकर वे अपने मंसूबे पूरे कर लेंगे। जो लोग लोकतांत्रिक तरीके से हमारा मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं, ऐसे कुछ लोगों ने हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं की हत्या करने का रास्ता अपनाया है। मैं उन सबको आग्रहपूर्वक निवेदन करता हूं, मैं चेतावनी नहीं देता हूं, वो काम जनता करेगी। उन्होंने आगे कहा, चुनाव आते-जाते हैं, कभी ये बैठेगा कभी वो बैठेगा मगर मौत का खेल खेलकर लोकतंत्र नहीं चलता है और मौत का खेल खेलकर कोई मत नहीं पा सकता है, दीवार पर लिखे हुए ये शब्द पढ़ लेना।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *