Post Views: 0
बच्चे ने कहा“अंकल, मौसी ट्रेन के सामने जाने वाली हैं”, स्टेशन मास्टर ने दौड़कर बचाई जिंदगी
Amar sandesh दिल्ली/रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के उरकुरा स्टेशन पर एक बच्चे की सूझबूझ और स्टेशन मास्टर की त्वरित कार्रवाई से एक महिला की जान बच गई। घटना 6 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:38 बजे की बताई गई है।
स्टेशन मास्टर श्री आनंद उपाध्याय ड्यूटी के दौरान प्लेटफॉर्म पर पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा घबराते हुए उनके पास आया और बताया कि उसकी मौसी ट्रेन के सामने जाने वाली हैं। बच्चे की बात सुनते ही श्री उपाध्याय तत्काल संबंधित दिशा में दौड़े।
मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि महिला रेलवे ट्रैक के बेहद करीब खड़ी थी और उसी समय एक मालगाड़ी आ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री उपाध्याय ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़कर सुरक्षित रूप से ट्रैक से दूर खींच लिया। कुछ ही क्षण बाद मालगाड़ी वहां से गुजर गई और एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद स्टेशन मास्टर ने महिला और दोनों बच्चों को संभाला तथा उन्हें पानी उपलब्ध कराया। रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दिए जाने के बाद आरपीएफ की टीम ने महिला की काउंसलिंग की। कुछ समय बाद महिला की माता भी स्टेशन पहुंचीं और अपनी बेटी को सुरक्षित घर ले गईं।
इस घटना में बच्चे की सतर्कता और स्टेशन मास्टर श्री आनंद उपाध्याय की त्वरित कार्रवाई ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेलवे प्रशासन ने उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया है।
Related