Post Views: 0
सामाजिक सौहार्द, संगठन की मजबूती और उत्तराखंड के समग्र विकास को लेकर प्रवासी समाज ने रखा अपना दृष्टिकोण
अमर चंद्र
नई दिल्ली। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा सोमवार को नई दिल्ली स्थित लोधी रोड के सरकारी आवास पर आयोजित ‘स्नेह मिलन एवं आम उत्सव’ आत्मीयता, सामाजिक समरसता और राजनीतिक संवाद का एक यादगार आयोजन बन गया। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारिवारिक आत्मीयता और जनसरोकारों से जुड़े इस आयोजन में दिल्ली-एनसीआर में रह रहे उत्तराखंड प्रवासी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, समाजसेवी, अधिवक्ता, पत्रकार तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में आम के विविध स्वादों के साथ उत्तराखंड के विकास, प्रवासी समाज की भूमिका, राज्य के समसामयिक मुद्दों तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अनौपचारिक लेकिन गंभीर चर्चाओं का दौर चलता रहा। उपस्थित लोगों ने इसे केवल एक सामाजिक मिलन नहीं, बल्कि जनसंवाद और विचार-विमर्श का सशक्त मंच बताया।
अपने सहज, सरल और स्पष्ट व्यक्तित्व के लिए पहचान रखने वाले त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि त्रिवेंद्र सिंह रावत उन नेताओं में शामिल हैं जो समय-समय पर जनहित से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखते हैं और आवश्यकता पड़ने पर अपनी ही सरकार के समक्ष भी जनभावनाओं को मुखर रूप से रखने से पीछे नहीं हटते। यही कारण है कि उत्तराखंड के प्रवासी समाज में भी उनकी लोकप्रियता और स्वीकार्यता लगातार बनी हुई है।
कार्यक्रम में गढ़वाल लोकसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखंड विजय बहुगुणा, लोक सभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह (आईएएस) पीएमओ में निदेशक मंगलेश घिल्डियाल (आईएएस),अमित नेगी (आईएएस) अतिरिक्त सचिव प्रधानमंत्री कार्यालय, दिल्ली सरकार के चीफ सेक्रेटरी कार्यालय में ओएसडी अजय सिंह बिष्ट (आईएएस), दिल्ली सरकार के सचिव (राजस्व), डिविजनल कमिश्नर एवं निदेशक सिविल डिफेंस नीरज सेमवाल (आईएएस) तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के सलाहकार सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की गरिमामय उपस्थिति रही।
गढ़वाल भवन के पूर्व अध्यक्ष अजय बिष्ट, वर्तमान महासचिव पवन मैठाणी, एवं गढ़वाल हितैषिणी सिंह कि समस्त कार्यकारिणी, वरिष्ठ समाजसेवी अनिल पंत, सीए राजेश्वर पैन्यूली, भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह राणा, सकुरा कॉर्पोरेट सॉल्यूशन्स” के संस्थापक रमेश शर्माअजय भंडारी, उत्तराखंड से समाजसेवी गोपाल उप्रेती, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति उप्रेती, नैनीताल से वरिष्ठ अधिवक्ता सी.एस. रावत, भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता श्रीमती यशोदा घिल्डियाल, प्रताप थलवाल, देहरादून एवं ऋषिकेश की पूर्व महापौर सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। मनजीत सिंह नेगी, सूर्य प्रकाश सेमवाल, ममता चतुर्वेदी, देवेंद्र सिंह रावत, अमर चंद्र, मुरार कंडारी, सहित उत्तराखंड जुड़े अनेक पत्रकार मौजूद रहे, पत्रकारों और जनप्रतिनिधियों के बीच राज्य के विकास, संगठनात्मक गतिविधियों तथा राष्ट्रीय और उत्तराखंड की राजनीति पर भी व्यापक चर्चा हुई।

पूरे आयोजन में आत्मीयता, सादगी और उत्तराखंड की सांस्कृतिक भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। प्रवासी समाज के लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन दिल्ली में रह रहे उत्तराखंडवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने त्रिवेंद्र सिंह रावत का आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय एवं जनसेवा से जुड़े सार्वजनिक जीवन की कामना की। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के स्नेह मिलन कार्यक्रम समाज को एक सूत्र में बांधने और जनहित के विषयों पर सकारात्मक संवाद को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
Related