राज्यराष्ट्रीयहरियाणा

26 जनवरी को राजपथ पर छोटे से राज्य हरियाणा की बड़ी खेल उपलब्धियां बनेंगी विशेष आकर्षण का केंद्र

नई दिल्ली, 22 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह 2022 के दिन राजपथ पर चलने वाली झांकियों में हरियाणा राज्य की झांकी खेल के क्षेत्र में भारत के गौरव का प्रदर्शन करती दिखाई देगी।

‘हरियाणा खेलों में नंबर वन’ की थीम पर तैयार हरियाणा राज्य की झांकी पर सवार अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी इसे दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनाएगी। इससे पूर्व वर्ष 2017 में गणतंत्र दिवस समारोह के लिए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ की थीम पर हरियाणा की झांकी का चयन किया गया था।

यह बड़े सौभाग्य और सम्मान की बात है कि देश के केवल 1.3 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र और 2.09 प्रतिशत आबादी वाले हरियाणा राज्य ने पिछले कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं, जिनमें प्रतिष्ठित ओलंपिक खेल भी शामिल हैं, में हमेशा देश का नाम रोशन किया है।
टोक्यों ओलंपित-2020 में भारत को प्राप्त कुल 7 पदकों में से हरियाणा के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत वर्ग में एकमात्र स्वर्ण पदक सहित 4 पदक जीते। सम्मान के प्रतीक के रूप में, हरियाणा सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में भाग लेने वाले राज्य के खिलाड़ियों को 25.40 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। इसी प्रकार टोक्यो पैरालंपिक-2020 में देश का मान बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को 28.15 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
टोक्यो ओलंपिक और टोक्यो पैरालंपिक-2020 के अलावा, हरियाणा के खिलाड़ियों ने ओलंपिक-2012 में भारत द्वारा जीते गए कुल 6 पदकों में से 4 पदक और ओलंपिक-2016 में 2 पदकों में से 1 पदक जीते थे। इसी प्रकार एशियाई खेल-2018 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देशभर के खिलाड़ियों द्वारा जीते गए कुल 69 पदकों में से 17 पदक तथा एशियाई खेलों-2012 में कुल 57 पदकों में से 21 पदक जीते थे राष्ट्रमंडल खेल-2014 और 2018 में हरियाणा के खिलाड़ियों ने क्रमशः 20 और 22 पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।
खिलाड़ियों को उचित सम्मान देने के लिए और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने हेतु हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को आकर्षक नकद पुरस्कार के साथ-साथ पर्याप्त बुनियादी ढांचा प्रदान कर रही है ताकि वे अपनी छिपी हुई प्रतिभा को प्रदर्शित कर सकें। हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही आधारभूत संरचना, नकद पुरस्कार और अन्य सुविधाएं निश्चित रूप से देश भर में बेजोड़ हैं जिनसे हरियाणा के खिलाड़ियों में खेलों के प्रति नया जज्बा पैदा हुआ है।
भारतीय संस्कृति और सभ्यता को संजोने के अलावा वैदिक भूमि हरियाणा ने कपिल देव, नीरज चोपड़ा, रानी रामपाल, साक्षी मलिक, योगेश्वर दत्त सहित कई अन्य उत्कृष्ट खिलाड़ी देश को दिए हैं। खेल के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हरियाणा राज्य की झांकी के माध्यम से देश के सभी राज्यों व अन्य राष्ट्रों को न केवल हरियाणा की खेल प्रतिभाओं से नई प्रेरिणा मिलेगी बल्कि वे इस छोटे से राज्य की बड़ी उपलब्धियों के साक्षी भी होंगे, जो सभी क्षेत्रों में विकास की लंबी दूरी पार कर चुका है।
क्या होगा हरियाणा की झांकी में:
दो हिस्सों से बनी हरियाणा की झांकी के अगले हिस्से में घोड़े व शंख होंगे। घोड़ों से जुता रथ महाभारत युद्ध के विजय रथ का प्रतीक है। यहां रखा शंख भगवान श्रीकृष्ण के शंख का प्रतीक है। झांकी के दूसरे हिस्से को चार भागों में बांटा गया है। इसके पहले भाग में ओलंपिक की तर्ज पर बने अखाड़े में दो पहलवान खिलाड़ी कुश्ती का डेमो देंगे। इसके पीछे के दो हिस्सों में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हरियाणा के 10 ख्याति प्राप्त खिलाड़ी खड़े होंगे।
झांकी के अंतिम हिस्से पर भाला फेंकने की मुद्रा में ओलंपियन नीरज चोपड़ा की आदमकद प्रतिकृति होगी। झांकी के दोनों ओर हाई रीलीफ में हरियाणा के चुनिंदा खेलों जैसे बॉक्सिंग, वेट-लिफ्टिंग, शूटिंग, डिस्कस-थ्रो व हॉकी के खिलाड़ियों की गतिविधियों को उकेरा गया है।
झांकी के ऊपर खड़े होंगे ये खिलाड़ी :
श्री बजरंग पूनिया, कुमारी रानी रामपाल, श्री योगेश्वर दत्त, श्रीमती ममता खरब, श्री सुमित अंतिल, श्री दीपक पुनिया, श्री हरविंदर, श्री योगेश कथूनिया, श्री रामपाल, श्री रंजीत, श्री आशु, श्री अनिल।
खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों व अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में देश का मान बढ़ाने के चलते इस बार गणतंत्रत दिवस समारोह के लिए हरियाणा राज्य की झांकी का विशेष रूप से चयन किया गया है। ‘विजय रथ’ रूपी यह झांकी केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे भारत के मान-सम्मान व गौरव का प्रतीक है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *