उत्तराखण्ड

नैनीताल जिले के बेतालघाट में  जनसमस्याओं के समाधान हेतु  अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल

सी  एम पपनै, बेतालघाट (नैनीताल)। स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर नैनीताल जिले के बेतालघाट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर क्षेत्र के जागरूक जनमानस द्वारा 17 जून से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का शुभारंभ किया गया है। उक्त अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को क्षेत्रवासियों का बड़ा जन समर्थन मिल रहा है।

क्षेत्र की चार सूत्रीय मांगों को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजू बोहरा के नेतृत्व में स्थानीय जन बढ़चढ़ कर आक्रोस में आगे आ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति व प्रबुद्ध जन खुलकर आंदोलनकारियों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र हालसी द्वारा आंदोलन को समर्थन देते हुए क्षेत्रवासियों से जनहित के इस संघर्ष में सहयोग की अपील तथा शासन प्रशासन को सचेत करते हुए व्यक्त किया है, यदि आंदोलनकारियों की न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन का रूप व दिशा बदल असहयोग की ओर मुड़ जायेगा, शासन प्रशासन के लिए जो बड़ी चुनौती व मुसीबत साबित होगी।

स्थानीय जन का कहना है, क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर पूर्व में प्रशासन को अवगत कराया गया था तथा उप जिलाधिकारी कैंची धाम के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर मांगों के समाधान हेतु 15 दिन का समय भी दिया गया था। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से कोई संतोष जनक जवाब अथवा ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके चलते स्थानीय जन को आंदोलन का मार्ग अपनाने हेतु विवश होना पड़ा है।

स्थानीय जन की प्रमुख ज्वलंत मांगों में बेतालघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन की सुविधा एवं रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती। कोटाधारिया क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने। आमगड़ी–भण्डारपानी–डॉन परेवा तल्ली–सेठी–बेतालघाट मोटर मार्ग को हॉटमिक्स करना मुख्य साधारण मांगे हैं।

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मुन्ना नेगी, ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी, अतुल भंडारी, सामाजिक कार्यकर्ता महेंद्र रावत, मोहित बिष्ट, विक्की बोहरा, शेखर फुलारा सहित क्षेत्र की मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों का समर्थन प्राप्त हो रहा है।

क्षेत्रवासियों द्वारा सरकार एवं प्रशासन से जनहित से जुड़ी इन महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर आंदोलन का सकारात्मक समाधान निकालने की मांग की है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *