अन्य राज्यराष्ट्रीय

आईसीसीआर में गूंजा सनातन का स्वर, ‘सनातनी योद्धा सम्मान’ में जुटीं समाज की प्रमुख हस्तियां

Amar sandesh कोलकाता। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) सभागार में आयोजित ‘सनातनी योद्धा सम्मान’ समारोह ने सनातन संस्कृति के प्रति समर्पित व्यक्तित्वों और संस्थाओं को एक मंच पर सम्मानित कर नई मिसाल पेश की। भव्य आयोजन में समाज, धर्म, राजनीति, शिक्षा और सेवा क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित लोगों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विशोखानंद महाराज, पूर्व राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा, इस्कॉन के उपाध्यक्ष राधारमण दास तथा आयोजन समिति के प्रमुख डॉ. अशोक पोद्दार द्वारा भगवान जगन्नाथ के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद सनातन संस्कृति के संरक्षण और समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को ‘सनातनी योद्धा सम्मान’ से अलंकृत किया गया।

समारोह में पूर्व राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा, पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री पूर्णिमा चक्रवर्ती, विधायक विजय ओझा, विधायक दिलीप सिंह, विधायक पापिया अधिकारी, भाजपा नेता राकेश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भाजपा नेत्री प्रियंका टिबड़ेवाल, डॉ. शतरूपा तथा बीर बहादुर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सम्मान प्राप्त करने वालों में कृष्ण कुमार सिंहानिया, डॉ. पारस कोचर, राजा जैन, प्रख्यात मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. आशीष मित्रा, प्रेम मिलन के चंद्रकांत सराफ, डॉ. पी.के. हाजरा, डॉ. पीयूष द्विवेदी, अरुण सराफ, हरेन्द्र दूबे, सिद्धार्थ पाण्डेय, विनीत जैन, डॉ. इन्द्रजीत तिवारी, मृगांक अग्रहरी, सीमा भावसिंहका और सीए रतन अग्रवाल प्रमुख रहे। इसके अलावा अवध श्याम परिवार, श्याम चरण कांकुरगाछी तथा एसेन्स फाउंडेशन को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. अशोक पोद्दार ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन समाज को एकजुट होकर अपनी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने सनातन धर्म के संरक्षण और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक विवेक शुक्ला ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन लोगों के प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है, जो विभिन्न क्षेत्रों में सनातन मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।

समारोह में रामकृष्ण मिशन, भारत सेवाश्रम संघ और इस्कॉन के प्रतिनिधियों सहित कोलकाता की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भी मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

आयोजकों के अनुसार, कोलकाता में इस स्तर पर आयोजित यह पहला बड़ा ‘सनातनी योद्धा सम्मान’ समारोह था, जिसमें सनातन संस्कृति और समाज सेवा के लिए समर्पित व्यक्तियों तथा संस्थाओं को एक साथ सम्मानित किया गया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *