Post Views: 0
बीपीसीएल की ऐतिहासिक पहल : केदारनाथ धाम में 12 हजार फीट की ऊंचाई पर शुरू किया 50 बेड का अत्याधुनिक अस्पताल
Amar Sandesh
दिल्ली/उत्तराखंड। उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम में 8 मई को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नया इतिहास रचा गया, जब भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के अंतर्गत 50 बेंड वाले अत्याधुनिक उच्च हिमालयी चिकित्सालय का लोकार्पण किया। समुद्र तल से लगभग 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थापित यह चिकित्सालय दुर्गम पर्वतीय क्षेत्र में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के लिए जीवनरक्षक सुविधा के रूप में कार्य करेगा।
भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के अधीन कार्यरत बीपीसीएल द्वारा स्थापित इस चिकित्सालय का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि केदारनाथ धाम में प्रतिवर्ष आने वाले लाखों श्रद्धालुओं तथा स्थानीय निवासियों के लिए यह चिकित्सालय किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, जिसे बीपीसीएल ने सेवा भाव एवं समर्पण के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया है।
बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना के नेतृत्व में कंपनी लगातार जनकल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को नई गति दे रही है। उनके मार्गदर्शन में बीपीसीएल देश के दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कंपनी द्वारा अनेक महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।
इस अवसर पर अपने संबोधन में संजय खन्ना ने कहा कि बीपीसीएल समाज के अंतिम व्यक्ति तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम में स्थापित यह चिकित्सालय श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को चौबीसों घंटे निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक भूमिका निभाएगा।
अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस चिकित्सालय में श्वसन रोग, हृदय रोग, आघात चिकित्सा, तंत्रिका रोग, उदर रोग सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के उपचार की समुचित व्यवस्था की गई है। अनुमान है कि इस चिकित्सालय से प्रतिवर्ष एक लाख से अधिक मरीज लाभान्वित होंगे, जिनमें लगभग 30 हजार आपातकालीन मरीज शामिल रहेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि यह चिकित्सालय सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान, श्री केदार सभा के अध्यक्ष पंडित राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य अमित मेंखड़ी, महामंत्री अंकित सेमवाल, संजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य सुबोध बगवाड़ी, केशव बहुगुणा, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, कर्नल अजय कोटियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बीपीसीएल के देहरादून क्षेत्रीय खुदरा प्रबंधक योगेश एस. लोले, क्षेत्रीय समन्वयक जितेंद्र कुमार प्रजापति तथा कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व विभाग की सहायक कार्यकारी ऋद्ध्या रवि सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Related