राष्ट्रीयहमारी संस्कृति

गढ़वाली नाटक “मधु मंडाण” का भव्य मंचन — जीवनशैली परिवर्तन का दिया गया सशक्त संदेश

Amar sandesh नई दिल्ली, 31 मई।दिल्ली की प्रतिष्ठित संस्था दि हाई हिलर्स ग्रुप (पंजीकृत), दिल्ली द्वारा एल. टी. जी. सभागार, मंडी हाउस, कोपर्निकस मार्ग, नई दिल्ली में गढ़वाली भाषा में प्रस्तुत नाटक “मधु मंडाण” का सफल मंचन किया गया। दर्शकों से खचाखच भरे सभागार में इस नाटक ने अपनी मार्मिक कथा, जीवंत अभिनय और गढ़वाली परिवेश की सुंदर प्रस्तुति से सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

यह नाटक डॉ. सतीश कलेश्वरी द्वारा लिखा गया तथा हरि सेमवाल के निर्देशन में मंचित हुआ। मंचन की औपचारिक शुरुआत डी.पी.एम.आई के चेयरमैन डॉ. विनोद बछेती तथा गढ़वाली, कुमाउनी व जौनसारी भाषा अकादमी के सचिव श्री संजय गर्ग सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।

इस अवसर पर दि हाई हिलर्स ग्रुप द्वारा मंचित विभिन्न नाटकों में अपनी विशिष्ट निर्देशन कला का योगदान देने वाले वरिष्ठ रंगकर्मी मित्रानंद कुकरेती को “दि हाई हिलर्स नाट्य शिरोमणी सम्मान 2025” से सम्मानित किया गया।

नाटक की विषयवस्तु और संदेश

नाटक “मधु मंडाण” एक युवा की कहानी है जो छुट्टी लेकर जब अपने पैतृक गांव कड़ेथ (उत्तराखंड) लौटता है तो उसे पता चलता है कि वह मधुमेह (डायबिटीज़) और अन्य रोगों से ग्रस्त है। आधुनिक चिकित्सा और घरेलू नुस्खों के फेर में वह अपनी सारी जमा पूंजी गंवा बैठता है। अंततः निराश होकर वह खेती की ओर लौटता है और वहां की शारीरिक मेहनत व प्राकृतिक जीवनशैली अपनाकर वह पुनः पूर्णतः स्वस्थ हो जाता है।

नाटक एक सशक्त सामाजिक संदेश देता है कि जीवनशैली में बदलाव और प्राकृतिक जीवन की ओर वापसी कई असाध्य रोगों से मुक्ति का रास्ता बन सकती है। यह संदेश न केवल उत्तराखंड या भारत, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक है।

कलाकारों की जीवंत प्रस्तुति

नाटक में बृजमोहन बेदवाल, रमेश ठंगरियाल, गीता गुसांई नेगी, रविन्द्र गुडियाल, वीरेन्द्र गुसांई, सविता पंत, उमेश बंदूनी, विनोद नेगी, ममता कर्नाटक, शशि बडोला, रविन्द्र रावत “गौरी”, दर्शन सिंह रावत, आई.पी. उनियाल, दीन दयाल जुयाल, रामपाल किमोली, धर्मवीर रावत, धर्मेन्द्र, विजय लक्ष्मी वेदवाल, पुष्पा देवली, लक्ष्मी दानु, शेखर भट्ट, मनमोहन उप्रेती व बाल कलाकार एकाग्र कलेश्वरी सहित सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदारों को बखूबी निभाया।

मंच संचालन: राकेश गौड़

तकनीकी सहयोग: अक्ष रामपाल, गिरधारी रावत

मंच व्यवस्था सहयोग: मंजू बहुगुणा, संयोगिता ध्यानी, गिरीश बिष्ट द्वारा किया गया।

अतिथि स्वागत: अंजु पुरोहित, बबली अधिकारी, किरन रामपाल, जगमोहन सिंह रावत बुगाणा, संजय चौहान

नाटक हास्य-व्यंग्य से भरपूर था, जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन हुआ। साथ ही, गंभीर सामाजिक सन्देश के कारण यह मंचन अत्यंत प्रभावशाली सिद्ध हुआ। दि हाई हिलर्स ग्रुप द्वारा उत्तराखंडी संस्कृति, भाषा और लोकचेतना को समर्पित इस प्रस्तुति ने एक बार फिर यह प्रमाणित किया कि नाट्य विधा सामाजिक जागरूकता का सशक्त माध्यम बन सकती है।

Share This Post:-
Post Views: 54 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *