दिल्लीहरियाणा

सामाजिक चेतना और भाईचारे के प्रतीक थे चौधरी रामकरण सोलंकी — ओमप्रकाश धनखड़

पालम 360 खाप के पूर्व प्रधान चौधरी रामकरण सोलंकी को भावभीनी श्रद्धांजलि, जुटे दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद और खाप प्रतिनिधि

Amar sandesh

नई दिल्ली, 10 मई। दिल्ली पालम 360 खाप के पूर्व प्रधान एवं प्रख्यात समाजसेवी चौधरी रामकरण सोलंकी की पांचवीं पुण्यतिथि पर पालम में भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा उत्तर भारत की विभिन्न खापों के गणमान्य लोग शामिल हुए और दिवंगत समाजसेवी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने चौधरी रामकरण सोलंकी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी केवल खाप प्रधान नहीं थे, बल्कि सामाजिक चेतना, भाईचारे, किसानों और जनहित की मजबूत आवाज थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में समाज के हर वर्ग की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया।

धनखड़ ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी ने करीब 16 वर्षों तक पालम 360 खाप का नेतृत्व करते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। उत्तर भारत में समाज सुधार की प्रभावशाली आवाज के रूप में उनकी पहचान बनी रही। उन्होंने कहा कि समाज में सौहार्द और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाए रखने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।

उन्होंने यह भी बताया कि द्वारका से सेक्टर-10 मार्केट तक की सड़क का नाम चौधरी रामकरण सोलंकी के नाम पर रखा गया है, जो उनके सामाजिक योगदान और जनसेवा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रवेश वर्मा, मनिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर विधूड़ी, योगेंद्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार, समाजसेवा और जनहित के कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके सुपुत्र एवं पालम 360 खाप के वर्तमान प्रधान चौधरी सुरेंद्र सोलंकी भी सामाजिक मूल्यों और परंपराओं को मजबूती देने का कार्य निरंतर कर रहे हैं।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि चौधरी रामकरण सोलंकी का जीवन समाज सेवा, जनजागरण और भाईचारे की अमिट मिसाल था, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

Share This Post:-
Post Views: 31 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *