Post Views: 0
Amar sandesh
दिल्ली/लखनऊ, 10 मई। उत्तर प्रदेश की राजनीति में रविवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करते हुए आठ नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी। जनभवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
योगी मंत्रिमंडल में इस विस्तार को आगामी राजनीतिक रणनीति और सामाजिक संतुलन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। मंत्रिमंडल में एक महिला समेत छह नए चेहरों को शामिल किया गया, जबकि दो मौजूदा राज्यमंत्रियों को पदोन्नति देकर स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया।
समारोह में भूपेंद्र सिंह चौधरी और मनोज कुमार पांडेय ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, कैलाश सिंह राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा को राज्यमंत्री बनाया गया। इसके अलावा अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र तोमर को प्रमोट कर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) की जिम्मेदारी दी गई।
शपथ ग्रहण के बाद सभी नवनियुक्त मंत्रियों ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया। समारोह के दौरान गांधी सभागार “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम” के नारों से गूंज उठा, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
राजनीतिक दृष्टि से भूपेंद्र सिंह चौधरी की ताजपोशी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। वह विधान परिषद सदस्य होने के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वहीं मनोज कुमार पांडेय ऊंचाहार से विधायक हैं और संगठन व सरकार दोनों में मजबूत पकड़ रखते हैं।
राज्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली कृष्णा पासवान खागा, सुरेंद्र दिलेर खैर तथा कैलाश सिंह राजपूत तिर्वा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। हंसराज विश्वकर्मा विधान परिषद सदस्य हैं और संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
समारोह में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक सहित सरकार और संगठन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार आगामी चुनावी समीकरणों और सामाजिक संदेश को ध्यान में रखकर किया गया महत्वपूर्ण कदम है।
Related