कभी बैंक की शाखा तक पहुंचना ही आम नागरिक के लिए बड़ी चुनौती हुआ करता था। आज वही बैंक खाता किसी ग्रामीण परिवार के लिए सरकारी सहायता प्राप्त करने, बचत करने, पेंशन पाने, बीमा से जुड़ने और डिजिटल भुगतान करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इस ऐतिहासिक बदलाव के केंद्र में प्रधानमंत्री जन-धन योजना (PMJDY) की निर्णायक भूमिका रही है।
28 अगस्त 2014 को प्रधानमंत्री जन-धन योजना की शुरुआत के पीछे विचार बेहद सरल, लेकिन दूरगामी था देश का कोई भी वयस्क नागरिक बैंकिंग सुविधा से वंचित न रहे। प्रत्येक व्यक्ति के नाम पर बैंक खाता हो, उसकी छोटी-से-छोटी बचत सुरक्षित रहे और आवश्यकता के समय उसे औपचारिक वित्तीय व्यवस्था का सहारा मिल सके।
वित्तीय समावेशन के लिए शुरू किया गया यह राष्ट्रीय अभियान देखते ही देखते एक व्यापक जनआंदोलन में बदल गया। विशेष रूप से महिलाओं, ग्रामीण परिवारों, छोटे एवं सीमांत किसानों तथा असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए जन-धन खाता औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने का सरल और सुलभ माध्यम बना।
योजना की शुरुआत कितनी व्यापक थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पहले ही सप्ताह में देशभर में करोड़ों खाते खोले गए और इस अभूतपूर्व उपलब्धि ने गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया।
आंकड़ों के पीछे छिपी है बदलाव की कहानी
आज प्रधानमंत्री जन-धन योजना केवल करोड़ों बैंक खातों का आंकड़ा नहीं है, बल्कि यह भारत के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने की एक व्यापक यात्रा की कहानी है।
29 जुलाई 2026 तक लगभग 58.9 करोड़ लोग पीएमजेडीवाई से जुड़ चुके हैं। इन खातों में जमा राशि 3.10 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गई है और 41.11 करोड़ से अधिक रुपे डेबिट कार्ड प्रचलन में हैं। जन-धन खातों में लगभग आधे खाते महिलाओं के हैं, जबकि लगभग पांच में से चार खाते ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों से जुड़े हैं।
ये आंकड़े केवल बैंक खातों की संख्या में वृद्धि नहीं दर्शाते, बल्कि भारत में वित्तीय समावेशन के भौगोलिक और सामाजिक विस्तार की तस्वीर भी सामने रखते हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके व्यापक शाखा नेटवर्क, बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट, माइक्रो-एटीएम और अंतिम छोर तक सेवाएं पहुंचाने वाले अन्य माध्यमों ने दूरदराज के गांवों और छोटे कस्बों तक बैंकिंग की पहुंच मजबूत की है।
यही प्रधानमंत्री जन-धन योजना की वास्तविक उपलब्धि है—बैंकिंग को केवल शाखा की चारदीवारी से निकालकर आम नागरिक के दैनिक जीवन तक पहुंचाना।
महिलाओं के लिए बैंक खाता, आत्मविश्वास का खाता
जन-धन योजना का सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक प्रभाव महिलाओं के वित्तीय सशक्तीकरण के रूप में सामने आया है। अपने नाम पर बैंक खाता होना महिला के आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
खाते के संचालन से महिलाओं में बैंकिंग व्यवस्था को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा है और परिवार के वित्तीय निर्णयों में उनकी भागीदारी को भी मजबूती मिली है।
इस दृष्टि से जन-धन योजना को केवल खाता खोलने की सरकारी पहल के रूप में देखना पर्याप्त नहीं होगा। यह योजना वित्तीय स्वावलंबन, आत्मविश्वास और वित्तीय गरिमा के विस्तार की आधारशिला बन चुकी है।
JAM : खाता, पहचान और मोबाइल का संगम
जन-धन, आधार और मोबाइल यानी JAM व्यवस्था ने प्रधानमंत्री जन-धन योजना की सफलता को नई गति प्रदान की है।
जन-धन खातों के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) द्वारा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की सहायता राशि, अनुदान और अन्य लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम तैयार हुआ। इससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी और बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में मदद मिली।
किसी लाभार्थी के लिए इसका अर्थ बहुत सीधा है जिस सहायता राशि की उसे प्रतीक्षा है, वह सीधे उसके बैंक खाते में पहुंचती है। ऐसे में बैंक खाता केवल पैसा रखने की जगह नहीं रह जाता, बल्कि सरकार और नागरिक के बीच वित्तीय संपर्क का भरोसेमंद माध्यम बन जाता है।
गांवों में बैंकिंग का बदलता स्वरूप : डिजिटल बैंकिंग
माइक्रो-एटीएम, आधार-सक्षम भुगतान प्रणाली (AePS), रुपे डेबिट कार्ड और मोबाइल बैंकिंग जैसे डिजिटल माध्यमों ने बैंकिंग सेवाओं को ग्राहकों के लिए पहले से कहीं अधिक सहज और सुलभ बनाया है।
कई स्थानों पर बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट गांव में बैंक के प्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रहे हैं। वे बैंक और ग्राहक के बीच पहले और सबसे परिचित संपर्क-बिंदु बन चुके हैं। इनके माध्यम से ग्राहक अपने आसपास ही नकदी आहरण, शेष राशि की जानकारी और अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
इस बदलाव ने बैंकिंग को ग्राहक के दरवाजे तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
बैंकों के लिए चुनौती भी, अवसर भी
बैंकिंग क्षेत्र के लिए जन-धन खाते एक ओर सामाजिक दायित्व का प्रतिनिधित्व करते हैं, तो दूसरी ओर दीर्घकालिक व्यावसायिक अवसर भी प्रदान करते हैं। प्रत्येक खाता बैंक और ग्राहक के बीच स्थापित एक औपचारिक वित्तीय संबंध है।
जैसे-जैसे इन खातों में लेन-देन बढ़ेगा, यही खाते सूक्ष्म ऋण, सूक्ष्म बीमा, पेंशन, धन-प्रेषण (Remittance) और अन्य वित्तीय उत्पादों तक पहुंच का आधार बन सकते हैं।
इससे निम्न आय वर्ग के परिवार केवल वित्तीय सेवाओं के उपभोक्ता बनने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि अपनी वित्तीय आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों का चयन करने और भविष्य के लिए बेहतर योजना बनाने में भी सक्षम होंगे।
अगली मंजिल : सक्रिय वित्तीय सहभागिता
वित्तीय समावेशन की इस यात्रा का अगला पड़ाव वित्तीय साक्षरता, डिजिटल साक्षरता और ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाओं को मजबूत करना है।
ग्रामीण और वंचित वर्ग के ग्राहकों के लिए बैंकिंग प्रक्रियाएं जितनी सरल, सहज और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप होंगी, बैंकिंग सेवाओं का उपयोग उतना ही व्यापक होगा।
त्वरित शिकायत निवारण, सरल डिजिटल इंटरफेस, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन और प्रभावी ग्राहक सहयोग जैसे उपाय अंतिम छोर तक बैंकिंग की पहुंच और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अब लक्ष्य केवल यह नहीं होना चाहिए कि किसी नागरिक के पास बैंक खाता है, बल्कि यह होना चाहिए कि वह अपने खाते का विश्वास, सुविधा और उद्देश्य के साथ नियमित रूप से उपयोग कर सके।
विकसित भारत का वित्तीय आधार
जब देश विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है, तब वित्तीय समावेशन इस यात्रा का एक अनिवार्य आधार बन जाता है।
विकसित भारत की दिशा में प्रधानमंत्री जन-धन योजना की अगली भूमिका और भी व्यापक हो सकती है। भविष्य का जन-धन खाता केवल शून्य या न्यूनतम शेष राशि वाला खाता न होकर बचत, ऋण, बीमा, पेंशन, निवेश और डिजिटल वित्तीय सेवाओं से जुड़ा एक सक्रिय वित्तीय मंच होना चाहिए।
ऐसा होने पर परिवार न केवल अपनी वर्तमान वित्तीय जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर पाएंगे, बल्कि आपात परिस्थितियों के लिए वित्तीय सुरक्षा तैयार करने और भविष्य के लिए संपत्ति निर्माण की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगे।
आखिरकार, यही वह परिवर्तन है जो बैंक खातों की संख्या को वास्तविक वित्तीय समावेशन में और वित्तीय समावेशन को विकसित भारत की आर्थिक शक्ति में परिवर्तित करेगा।
प्रधानमंत्री जन-धन योजना की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब बैंकिंग सुविधा देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती है, तो एक साधारण बैंक खाता भी आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक सशक्तीकरण और विकसित भारत के संकल्प की मजबूत नींव बन सकता है।