Amar sandesh नई दिल्ली। भारत और वियतनाम के तटरक्षक बलों के बीच समुद्री सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में 7वीं उच्च स्तरीय बैठक (HLM) चेन्नई में आयोजित हुई। यह बैठक वर्ष 2015 में हुए भारत-वियतनाम तटरक्षक सहयोग संबंधी समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत हुई।
बैठक की सह-अध्यक्षता भारतीय तटरक्षक बल के महानिदेशक परमेश शिवमणि, AVSM, PTM, TM और वियतनाम तटरक्षक बल के वाइस कमांडेंट मेजर जनरल लुओंग दिन्ह हंग ने की।
बैठक में समुद्री खोज एवं बचाव (SAR), समुद्री कानून प्रवर्तन, समुद्री प्रदूषण से निपटने तथा क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने पेशेवर आदान-प्रदान, जहाज यात्राओं सहित चल रही विभिन्न द्विपक्षीय गतिविधियों की समीक्षा की और सहयोग तथा परिचालन समन्वय को और बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों तटरक्षक बलों ने नियमित संस्थागत संवाद, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पेशेवर आदान-प्रदान, सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को साझा करने और जहाज यात्राओं को आपसी विश्वास, समन्वय एवं परिचालन सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में भारत और वियतनाम ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, संरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए मित्रता एवं सहयोग की भावना से मिलकर काम करने की साझा प्रतिबद्धता दोहराई।
इसी द्विपक्षीय सहयोग के तहत भारत-वियतनाम तटरक्षक संयुक्त अभ्यास ‘सहयोग–हॉपटैक’ (SAHYOG–HOPTAC) का आयोजन 27 अगस्त 2026 को समुद्र में किया जाएगा। इस अभ्यास के माध्यम से दोनों देशों के तटरक्षक बलों को परिचालन समन्वय मजबूत करने तथा एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से सीखने का अवसर मिलेगा।
अमर संदेश को यह जानकारी भारतीय तटरक्षक के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कमांडेंट अमित उनियाल ने उपलब्ध कराई।