Post Views: 0
आजमगढ़। हिंदी साहित्य की नई पीढ़ी में उभरते हुए युवा कवि दिलीप कुमार अपनी संवेदनशील लेखनी और गहन चिंतन के लिए तेजी से पहचान बना रहे हैं। कविता, ग़ज़ल, शायरी और शोध आलेखों के माध्यम से उन्होंने समाज और मानवीय भावनाओं को प्रभावशाली अभिव्यक्ति दी है।
दिलीप कुमार ने अपनी उच्च शिक्षा डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या से प्राप्त की, जहां से उन्होंने स्नातक, बीएड और हिंदी साहित्य में परास्नातक की उपाधियाँ हासिल कीं। उनकी शैक्षणिक यात्रा की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि यूजीसी नेट एवं जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता प्राप्त करना रही है।
वर्तमान में वे श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय, आजमगढ़ (महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय से संबद्ध) से हिंदी विषय में शोध (पी-एच.डी.) कर रहे हैं। उनके शोध पत्र राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठियों और शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर सराहना प्राप्त कर चुके हैं। वे विभिन्न अकादमिक सेमिनारों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपने विचारों से विषय की गहराई को साझा करते रहते हैं।
साहित्यिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता उल्लेखनीय है। ‘गुरुद्वय के प्रति’ और ‘उसमें कुछ तो बात थी’ जैसे साझा काव्य संग्रहों में उनकी रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें उनके काव्य कौशल की स्पष्ट झलक मिलती है। डिजिटल मंचों पर भी उनकी उपस्थिति प्रभावशाली है। ‘अमर उजाला काव्य’ जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उनकी कविताएँ “चूड़ियों वाला प्रेम” और “सिर्फ एक सवाल”पाठकों द्वारा विशेष रूप से सराही गई हैं।
साहित्य के प्रति उनके समर्पण और योगदान के लिए उन्हें ‘हिंदी साहित्य काव्य गौरव सम्मान’ सहित कई पुरस्कार, मेडल एवं सम्मान चिह्नों से अलंकृत किया जा चुका है।
दिलीप कुमार का व्यक्तित्व अनुशासन, गुरु-भक्ति और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति का प्रतीक है। वे न केवल हिंदी साहित्य की सेवा कर रहे हैं, बल्कि अपनी सशक्त लेखनी के माध्यम से समाज को नई दृष्टि देने का प्रयास भी कर रहे हैं। अपने परिवार और समाज के लिए वे एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में उभर रहे हैं। अमर संदेश को यह जानकारी कोलकाता से शिक्षाविद् विनोद यादव द्वारा दी गई।
Related