Post Views: 0
डिजिटल इंडिया को मिली नई ताकत, 7,026 स्वीकृत पदों के मुकाबले 5,755 IAS अधिकारी कार्यरत; ई-लिस्ट बनी शासन और मानव संसाधन प्रबंधन का स्मार्ट टूल
Amar sandesh नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, डिजिटल और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-आईएएस सिविल लिस्ट 2026 जारी कर दी है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में इसका औपचारिक लोकार्पण किया।
इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि ई-सिविल लिस्ट अब केवल अधिकारियों की निर्देशिका नहीं, बल्कि शासन, नीति निर्माण और मानव संसाधन प्रबंधन के लिए एक सशक्त डिजिटल ज्ञान मंच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि उन्नत सर्च और हाइपरलिंकिंग सुविधाओं से लैस यह प्लेटफॉर्म अधिकारियों की योग्यता, अनुभव, विशेषज्ञता और तैनाती संबंधी जानकारी तक त्वरित पहुंच उपलब्ध कराता है, जिससे सरकारों और संस्थानों को बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में शासन संबंधी जिम्मेदारियां लगातार बढ़ रही हैं और ऐसे में मानव संसाधनों की सटीक योजना बेहद आवश्यक है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकारों और विभिन्न विभागों के सहयोग से हर वर्ष इस डेटाबेस को अद्यतन किया जाता है, जो सरकार की पारदर्शी और तकनीक आधारित प्रशासनिक व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. सिंह ने भारत की भौगोलिक और विकासात्मक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि पहाड़ी, दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों की प्रशासनिक आवश्यकताएं अलग-अलग होती हैं। ऐसे में प्रौद्योगिकी आधारित डेटाबेस उपयुक्त अधिकारियों और विशेषज्ञता की पहचान कर बेहतर प्रशासनिक समाधान उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
71वां संस्करण, पूरी तरह डिजिटल ई-आईएएस सिविल लिस्ट 2026 सिविल लिस्ट का 71वां संस्करण है और पीडीएफ ई-बुक के रूप में जारी किया गया छठा डिजिटल संस्करण है।इसमें आईएएस अधिकारियों के बैच, कैडर, वर्तमान पदस्थापन, वेतन स्तर, शैक्षणिक योग्यता और सेवानिवृत्ति तिथि सहित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई है। साथ ही कैडरवार संख्या, आगामी पांच वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और 1969 से सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से नियुक्त आईएएस अधिकारियों का भी विवरण शामिल है।
आंकड़ों के अनुसार 1 जनवरी 2026 तक देश के 25 कैडरों में 7,026 स्वीकृत पदों के मुकाबले 5,755 आईएएस अधिकारी कार्यरत थे।
इस अवसर पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव रचना शाह, स्थापना अधिकारी एवं अपर सचिव मनीष सक्सेना, अपर सचिव फैज अहमद किदवई तथा अपर सचिव मनोज कुमार द्विवेदी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। ई-आईएएस सिविल सूची 2026 कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की वेबसाइट https://dopt.gov.in पर उपलब्ध है।
Related