Post Views: 0
योग से ऊर्जा, अनुशासन और स्वास्थ्य: एनएचपीसी में भव्य आयोजन ने खींचा सबका ध्यान
Amar sandesh दिल्ली/फरीदाबाद, 21 जून। विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली देश की अग्रणी नवरत्न कंपनी एनएचपीसी लिमिटेड में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। एनएचपीसी आवासीय परिसर, फरीदाबाद में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी तथा ऑनलाइन माध्यम से निदेशक (वित्त एवं कार्मिक) महेश कुमार शर्मा भी शामिल हुए। भारतीय योग संस्थान, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया
इस अवसर पर अपने संबोधन में भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी पहल के परिणामस्वरूप संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2014 में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता प्रदान की। तब से योग विश्वभर में स्वास्थ्य, संतुलन और मानव कल्याण का प्रभावशाली माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)” का उल्लेख करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक लाभों की जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को निरंतर योग अपनाने के लिए प्रेरित किया। एनएचपीसी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, फिटनेस और समग्र कल्याण के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
देश की प्रमुख जलविद्युत एवं ऊर्जा क्षेत्र की नवरत्न कंपनी एनएचपीसी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि स्वस्थ कर्मचारी ही सशक्त संगठन और विकसित भारत की नींव होते हैं।
Related