गोवामहाराष्ट्रराष्ट्रीय

भारत की समुद्री सुरक्षा को मिला नया प्रहरी, चौथे नेक्स्ट जेनरेशन पेट्रोल वेसल की रखी गई कील

आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में बड़ा कदम, मझगांव डॉक में स्वदेशी तकनीक से तैयार होगा आधुनिक गश्ती पोत

Amar sandesh नई दिल्ली, 25 जून। भारतीय तटरक्षक बल (ICG) की समुद्री सुरक्षा क्षमता को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL), मुंबई में गुरुवार को यार्ड-16404, जो छह नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल (NGOPV) श्रृंखला का चौथा पोत है, की कील (Keel Laying) रखने का समारोह आयोजित किया गया।समारोह में भारतीय तटरक्षक बल तथा मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।उल्लेखनीय है कि छह नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल के निर्माण का अनुबंध 20 दिसंबर 2023 को संपन्न हुआ था।
यह अत्याधुनिक पोत आधुनिक मशीनरी और उन्नत प्रणालियों से लैस होगा। इसका डिजाइन, विकास और निर्माण पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से किया जा रहा है, जो भारत सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मजबूत आधार प्रदान करेगा।
परियोजना भारत की रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता और रणनीतिक स्वायत्तता को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही यह भारतीय तटरक्षक बल की परिचालन क्षमता बढ़ाने तथा तटीय सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
अधिकारियों के अनुसार, नेक्स्ट जेनरेशन ऑफशोर पेट्रोल वेसल के बेड़े के शामिल होने से भारतीय तटरक्षक बल देश के समुद्री हितों की सुरक्षा और निगरानी में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेगा।
अमर संदेश को यह जानकारी भारतीय तटरक्षक बल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) कमांडेंट अमित उनियाल द्वारा प्रदान की गई।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *