Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली, 6 अगस्त। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) द्वारा जून 2026 के लिए जारी केंद्रीकृत लोक शिकायत निवारण एवं मॉनीटरिंग प्रणाली (सीपीजीआरएमएस) की मासिक रिपोर्ट में वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) के प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र को सराहा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर वित्तीय सेवा विभाग (बीमा प्रभाग) को तीसरा तथा वित्तीय सेवा विभाग (बैंकिंग प्रभाग) को छठा स्थान प्राप्त हुआ है। नवंबर 2025 से विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की जीआरएआई रैंकिंग में भी डीएफएस लगातार शीर्ष-10 में अपनी जगह बनाए हुए है।
रिपोर्ट के अनुसार, जून 2026 के दौरान वित्तीय सेवा विभाग ने 30 हजार से अधिक लोक शिकायतों का सफलतापूर्वक निपटारा किया। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी औचक रूप से चयनित शिकायतों की नियमित व्यक्तिगत समीक्षा कर रहे हैं, जिससे शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभाग समय-समय पर “प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र” विषय पर कार्यशालाओं का आयोजन भी कर रहा है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को बढ़ावा देने, विभिन्न हितधारकों के बीच समन्वय मजबूत करने, आधुनिक प्रौद्योगिकी के बेहतर उपयोग तथा ग्राहक-केंद्रित कार्यसंस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विभाग ने समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी शिकायत समाधान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उत्तरदायी एवं जवाबदेह सार्वजनिक सेवा वितरण को प्राथमिकता दी है। सुदृढ़ निगरानी व्यवस्था, नियमित समीक्षा और बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र के साथ बेहतर समन्वय के कारण शिकायत निवारण की गुणवत्ता में लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है।
Related