दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा चलाएगी ‘’चलो बनाएं आत्मनिर्भर युवा’’ अभियान

हमें स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का विस्तार करने के साथ ही भारत को सबसे ज्यादा स्किल्ड मैनपावर वाला देश बनाना है-अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली, 12 जनवरी। स्वामी विवेकानंद जी की जयंती और युवा दिवस के अवसर पर आज प्रदेश कार्यालय में दिल्ली भाजपा युवा मोर्चा ने ‘’चलो बनाएं आत्मनिर्भर युवा’’ अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर और सांसद गौतम गंभीर ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रूखड़ ने किया। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार एवं भाजयुमो के पूर्व मीडिया प्रभारी शिवम छाबड़ा और प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारी सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नरेंद्रनाथ दत्त जिन्हें स्वामी विवेकानंद के नाम से जाना जाता है उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी में भारत विश्व गुरु बनेगा और आज के नरेंद्र भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रगतिशील हैं। स्वामी विवेकानंद जी ने बहुत ही कम उम्र में विश्व पटल पर भारत का नाम स्थापित किया और पीढ़ी दर पीढ़ी उनके अनमोल विचार हमें जीवन जीने का नया मकसद देते हैं। भारत के सबसे प्रिय बुद्धिजीवी और आध्यातमिक गुरु स्वामी विवेकानंद जी का जन्म 12 जनवरी 1863 को कलकत्ता में हुआ था और उनके बचपन का नाम नरेन्द्रनाथ दत्त था। ’स्वामी विवेकानंद’ नाम उनको उनके गुरु रामकृष्ण परमहंस जी ने दिया था और आगे चलकर स्वामी विवेकानंद जी ने समाज के सेवा कार्य के लिए रामकृष्ण मिशन की स्थापना की। स्वामी विवेकानंद जी ने हमें सीख दी कि भागने से कुछ नहीं होता है, हमें आगे बढ़कर हालातों का सामना करना चाहिए। परेशानियों से भागना आसान होता है, हर मुश्किल ज़िन्दगी में एक इम्तिहान होता है, हिम्मत हारने वाले को कुछ नहीं मिलता ज़िंदगी में और मुश्किलों से लड़ने वाले के क़दमों में ही तो जहांन होता है। उन्होंने कहा कि विश्व में सबसे बड़ी युवाओं की आबादी वाला देश भारत है जो वर्तमान और भविष्य को निर्धारित कर रहा है। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में वैश्विक महामारी कोरोना के समय युवाओं ने लोगों को जागरूक किया, मास्क वितरण किया जिसका परिणाम है कि आज भारत उन देशों में शुमार है जहां कोरोना से मृत्यु दर सबसे कम है। 

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान दिल्ली सरकार ने कुछ नहीं किया लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रवासी श्रमिकों और जरूरतमंदों को भोजन-राशन और हरसंभव मदद पहुंचाने का कार्य किया। हमें दिल्ली के हर वर्ग को मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और उससे मिलने वाले लाभ से अवगत कराना है, उन नीतियों से जोड़ना है। देश के निर्माण में युवाओं का योगदान सबसे ज्यादा होता है इसलिए हमें अपनी भूमिका को जानने की जरूरत है। हमें स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं का विस्तार सुनिश्चित करना है और भारत को दुनिया में सबसे ज्यादा स्किल्ड मैनपावर वाला देश बनाना है। उन्होंने कहा कि हमें मोदी जी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को पूरा करना है। 

सांसद गौतम गंभीर ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी ऐसे महापुरुष थे जो सदियों में एक बार जन्म लेते हैं और हमें गर्व हैं कि वो एक भारतीय थे। स्वामी विवेकानंद जी ने कहा था कि अगर जीवन में कभी निराशा का सामना करना पड़े तो ख़ुद को कमज़ोर समझना सबसे बड़ा पाप है, हमें उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना चाहिए और कभी हार नहीं मानना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि लड़ाई दो पार्टियों के विचारधारा की होती है लेकिन दिल्ली में एक ऐसी सरकार है जिसके मुखिया अरविंद केजरीवाल सत्ता हासिल करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। देश का भविष्य युवाओं के हाथ में है और वही देश की दिशा भी तय करते हैं इसलिए युवाओं को भी राजनीति में आना चाहिए। देश ने आपको पहले ही भारतीय होने की पहचान दी है इसलिए यह न सोचें कि देश आपको क्या दे रहा है बल्कि यह सोचें कि आप देश को क्या दे सकते हैं। भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा देश को सशक्त और मजबूत बनाने की है और युवाओं को इसमें योगदान जरूर देना चाहिए। 

प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष वासु रूखड़ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार, उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति ना हो जाए। उन्होंने कहा कि हमने ‘’चलो बनाएं आत्मनिर्भर युवा’’ अभियान के माध्यम से मंडल स्तर तक के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *