BRICS शिखर सम्मेलन के स्वागत में सजी दिल्ली, रोशनी से नहाया रेल भवन और राजधानी का बदला रूप
अमर चंद्र
नई दिल्ली। BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। नई संसद भवन के समीप स्थित रेल भवन शाम के समय आकर्षक रोशनी से जगमगाता हुआ बेहद खूबसूरत दृश्य प्रस्तुत कर रहा है।
सम्मेलन की मेजबानी कर रही नई दिल्ली को विशेष रूप से सजाया गया है। राजधानी के प्रमुख मार्गों, ऐतिहासिक स्थलों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में की गई आकर्षक विद्युत सजावट दिल्ली की खूबसूरती को और बढ़ा रही है। लुटियंस दिल्ली से लेकर कनॉट प्लेस तक का नजारा ऐसा दिखाई दे रहा है, मानो पूरी राजधानी किसी उत्सव के लिए दुल्हन की तरह सजी हो।
भारत की समृद्ध ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा भी राजधानी की तैयारियों में दिखाई दे रही है। देश में आने वाले मेहमानों के स्वागत और उन्हें भारतीय संस्कृति, आतिथ्य एवं विविधता का शानदार अनुभव कराने के लिए दिल्ली तैयार है।

