Views: 0
– डॉ के सी पांडेय
गुरुग्राम, 24 अक्टूबर 2026।वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन (WBF इंडिया) के संस्थापक परम श्रद्धेय स्वर्गीय पंडित मांगे राम शर्मा जी की जयंती गुरुग्राम में अत्यंत भव्य और गरिमामयी माहौल में मनाई गई। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देश भर से आए प्रख्यात ब्राह्मण नेता, गणमान्य अतिथि, युवा प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का केंद्रीय संदेश ‘प्रेरणा से संकल्प तक’ रहा, जो पंडित मांगे राम शर्मा जी के आदर्शों और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने का स्पष्ट संकल्प व्यक्त करता है।
दीप प्रज्ज्वलन और सांस्कृतिक व आध्यात्मिक शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन तथा बटुकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और श्लोक पाठ के साथ हुआ। इसके बाद, पंडित मांगे राम शर्मा जी के जीवन, संघर्ष और उनकी प्रेरणादायी यात्रा पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। भक्ति कलाकारों द्वारा लगातार प्रस्तुत किए गए भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और ऊर्जावान बना दिया। इसके साथ ही, जनहित को ध्यान में रखते हुए आर्टेमिस अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा एक वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह द्वारा समय-समय पर ‘मांगे राम शर्मा अमर रहें’ और ‘जय भगवान परशुराम’ के गगनभेदी उद्घोष किए गए।
अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक आयोजन में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट किन्हीं कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने अपना शुभकामना संदेश भेजा, जिसे सभा में पढ़कर सुनाया गया। अपने संदेश में उन्होंने पंडित मांगे राम शर्मा जी के जीवन को सामाजिक सद्भाव, संगठनात्मक एकता और समाजोत्थान के प्रति समर्पण का अनूठा उदाहरण बताया।
WBF के चार प्रमुख दृष्टिकोण और राष्ट्रीय नेतृत्व का मार्गदर्शन
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन (WBF इंडिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री के.सी. पांडेय ने सभी अतिथियों और देश के विभिन्न राज्यों से पधारे पदाधिकरियों का स्वागत किया। उन्होंने WBF के चार मुख्य दृष्टिकोणों—ब्राह्मण गौरव, राजनीतिक चिंतन, शैक्षिक चिंतन, तथा उद्यमिता एवं आर्थिक चिंतन—पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आह्वान किया कि सभी लोग संस्थापक महामना पंडित मांगे राम शर्मा जी के दिखाए मार्ग पर चलकर इन चारों स्तंभों को मजबूत करें और राष्ट्र निर्माण एवं ‘विकसित भारत’ के संकल्प में अपनी अहम भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे परम पूज्य श्री पी.वी.एस.के. सिम्हया स्वामी जी (पीठाधिपति, मंत्र राजम पीठम, तिरुपति एवं WBF के संरक्षक) ने अपने दिव्य मंत्रोच्चार से उपस्थित जनसमूह को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर सभी अतिथियों को तिरुपति बालाजी का प्रसाद एवं लड्डू वितरित किए गए।
WBF की प्रमुख मांगें और WBF नेताओं के संबोधन
श्री शशि कांत शर्मा (चेयरमैन, WBF): उन्होंने पंडित मांगे राम शर्मा जी के दूरदर्शी नेतृत्व को याद करते हुए हरियाणा सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं:
पंडित मांगे राम शर्मा जी के सम्मान में किसी प्रमुख भवन या सड़क का नामकरण किया जाए।
आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए हरियाणा सरकार द्वारा ब्राह्मण कल्याण निगम/बोर्ड की स्थापना की जाए।
गुरुग्राम में भव्य ब्राह्मण भवन के निर्माण हेतु सरकार द्वारा भूमि आवंटित की जाए।
श्री आर.एस. गोस्वामी (वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल ऑफ दिल्ली की नामांकन समिति के चेयरमैन): उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए सुझाव दिया कि WBF को मेधा-सह-साधन (Merit-cum-Means) के आधार पर चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की एक विशेष पहल शुरू करनी चाहिए, ताकि वे IAS, IPS और IFS जैसी प्रतिष्ठित सिविल सेवाओं के लिए तैयार हो सकें।
डॉ. राधेश्याम शर्मा (प्रख्यात शिक्षाविद् एवं पूर्व कुलपति): उन्होंने शिक्षा को देश को विकसित राष्ट्र बनाने का मुख्य माध्यम बताते हुए समाज को शैक्षिक मोर्चे पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
श्री कैलाश पति शर्मा (जम्मू): उन्होंने उद्यमिता एवं आर्थिक चिंतन पर बात करते हुए युवा पीढ़ी से आगे आने और ‘ग्लोबल ब्राह्मण बिजनेस नेटवर्क’ (GBBN) के माध्यम से वैश्विक उद्यमियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद शर्मा की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पंडित मांगे राम शर्मा जी का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, संगठन की एकता और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने युवाओं में संस्कारों के विकास पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान, मुख्य अतिथि डॉ. अरविंद शर्मा ने WBF द्वारा रखी गई सभी मांगों (भूमि आवंटन, ब्राह्मण कल्याण बोर्ड और नामकरण) को पूरा करने का आधिकारिक आश्वासन दिया, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने करतध्वनि के साथ स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि एवं गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा ने भी स्थानीय विधायक के नाते इन मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से पैरवी करने और पूरा कराने का पूर्ण भरोसा दिया।
‘विप्र संकल्प’ पत्रिका का लोकार्पण एवं गौरव पुरस्कार वितरण
‘विप्र संकल्प’ का लोकार्पण: मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सन्मार्ग वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन (WBF इंडिया) की आधिकारिक पत्रिका ‘विप्र संकल्प’ का भव्य लोकार्पण किया गया। यह पत्रिका समाज के विचारों, उपलब्धियों, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
‘पंडित मांगे राम शर्मा राष्ट्रीय ब्राह्मण गौरव पुरस्कार’: समाज और राष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले प्रमुख नामों में शामिल हैं:
डॉ. श्रीनिवास तिवारी
प्रो. अनिल कौशिक
श्री दिनेश जोशी
श्री विष्णु पांडेय
श्री नरेश कौशिक (चेयरमैन, जेईसी पब्लिक स्कूल)
अतिथियों ने इन्हें स्मृति-चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
सहभागिता और आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान WBF आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष श्री ए.एस.वी. राव, कर्नाटक के अध्यक्ष श्री दिलीप कुमार, दिल्ली के अध्यक्ष श्री बलवीर शर्मा, उत्तर प्रदेश पूर्व के अध्यक्ष श्री खेमपाल शर्मा, हरियाणा के अध्यक्ष श्री जय भगवान शर्मा सहित देश के विभिन्न कोनों से आए अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
WBF के महासचिव श्री विनोद पांडेय ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, पुरस्कार विजेताओं, स्वास्थ्य शिविर में सहयोग देने वाले आर्टेमिस अस्पताल के चिकित्सकों, जम्मू-कश्मीर की क्यू इलेक्ट्रॉनिक्स की सीईओ श्रीमती रेणुका शर्मा और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह भव्य आयोजन पंडित मांगे राम शर्मा जी के आदर्शों को आत्मानुशासित करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार और जनकल्याण के माध्यम से राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Related