छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

छत्तीसगढ़ में 2 लाख परिवारों का गृह प्रवेश, 3.65 लाख नए PM आवास की सौगात

शिवराज सिंह चौहान ने सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र और बस्तर के छूटे पात्र परिवारों के आवास सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर तक बढ़ाने का किया ऐलान

Amar sandesh दिल्ली/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के जेठा में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं हुईं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 2 लाख नवनिर्मित आवासों में हितग्राही परिवारों का गृह प्रवेश कराया और प्रतीकात्मक रूप से चाबियां सौंपीं। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ के लिए 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की सौगात देने की घोषणा की।

समारोह में सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) स्थापित करने तथा बस्तर संभाग में छूटे हुए पात्र परिवारों के आवास सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने की घोषणा भी की गई। चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मांग पर सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, फसल विविधीकरण और वैज्ञानिक सलाह का लाभ मिलेगा।
प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास हो रहे पूरे
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन की गति तेज हुई है और प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने का वादा पूरा करने की दिशा में तेजी से काम किया है। उनके अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख आवासों को मंजूरी देकर गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से पिछले ढाई वर्षों में 11.50 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
धान के साथ फल, फूल और सब्जियों का भी कटोरा बन रहा छत्तीसगढ़
चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल धान के कटोरे के रूप में नहीं, बल्कि फल, फूल और सब्जियों के उत्पादन के क्षेत्र में भी मजबूत हो रही है। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं के स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं के हुनर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने से प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने नक्सल प्रभावित बस्तर में बदलते हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि सुरक्षा और विकास के प्रयासों से अब क्षेत्र में विकास की गतिविधियां तेज हो रही हैं। पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए सर्वे की समय-सीमा बढ़ाई गई है।
17 सितंबर को घर-घर दीप जलाने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों परिवारों को लाभ मिला है। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शाम 7 बजे घरों में दीप जलाकर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन तथा देश की प्रगति के लिए शुभकामनाएं देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने जताया आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से वह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गरीबों को पक्का घर उपलब्ध कराने के साथ महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
साय ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ‘बिहान’ के माध्यम से प्रदेश में 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जा चुकी है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन, ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान, 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर तथा ‘अथ उद्यमिता की ओर’ इन्क्यूबेशन कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों और श्रेष्ठ पंचायतों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *