दिल्लीराष्ट्रीय

जागेश्वर के गौरव बने भाजपा प्रदेश मंत्री*

देहरादून, 15 सितम्बर 2025। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा घोषित उत्तराखंड भाजपा की नवीन कार्यकारिणी में जागेश्वर निवासी गौरव पाण्डेय को प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

24 नवम्बर 1979 को जन्मे गौरव पाण्डेय बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। अपने पिता अम्बा दत्त पाण्डेय से प्रेरणा लेकर उन्होंने छात्र जीवन से सार्वजनिक कार्यों की शुरुआत की। दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती महाविद्यालय से स्नातक शिक्षा के दौरान वे लगातार तीन वर्षों तक छात्र राजनीति में सक्रिय रहे और संयुक्त सचिव, उपाध्यक्ष तथा अध्यक्ष जैसे पदों पर निर्वाचित हुए। इसके बाद 2003 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार भी रहे।

सक्रिय छात्र राजनीति से आगे बढ़ते हुए गौरव पाण्डेय अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और फिर भारतीय जनता युवा मोर्चा से जुड़े। 2006 से 2011 तक दिल्ली में युवा मोर्चा के मीडिया कोऑर्डिनेटर रहे, तत्पश्चात भाजपा युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल हुए और आंध्रप्रदेश, जम्मू-कश्मीर तथा उत्तराखंड के प्रभारी के रूप में संगठन को नई ऊर्जा दी। प्रदेश स्तर पर वे भाजपा प्रवक्ता और कार्यकारिणी सदस्य की भूमिका भी निभा चुके हैं।

सामाजिक कार्यों में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने जागेश्वर क्षेत्र में दवाई, राशन, मास्क और सैनिटाइज़र वितरित किए। उत्तराखंड, कश्मीर, बिहार, गुजरात और उत्तरप्रदेश में आपदा राहत और बचाव कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास को लेकर भी वे निरंतर कार्यरत हैं। धौलादेवी अस्पताल में एक्स-रे मशीन सहित सुविधाओं का विकास, अरतोला में कौशल विकास केंद्र की स्थापना, 100 से अधिक बेटियों को स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण दिलाना और सालम क्षेत्र के शहीदों के सम्मान में स्मारक हेतु मुख्यमंत्री से अनुदान स्वीकृत कराना उनकी प्रमुख उपलब्धियों में गिने जाते हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव में उनकी कड़ी मेहनत और रणनीति से जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में पहली बार भाजपा को जीत मिली और अल्मोड़ा जिले की अन्य सीटों पर भी विजय में महत्वपूर्ण योगदान रहा।

गौरव पाण्डेय का मानना है कि संगठन और समाज की सेवा ही उनके जीवन का उद्देश्य है और नई जिम्मेदारी उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी।

Share This Post:-
Post Views: 135 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *