दिल्लीराष्ट्रीय

भारत–पाकिस्तान मुकाबले की गूँज के बीच उन्मुक्त चंद ने शुरू की क्रिकेट वॉल्ट एकेडमी 

Amar sandesh नई दिल्ली, 15 सितम्बर:  एशिया कप में भारत द्वारा पाकिस्तान को दी गई करारी शिकस्त के बीच जहाँ पूरे देश में क्रिकेट को लेकर उत्साह, समर्थन और विरोध के स्वर देखने को मिले, वहीं पूर्व भारतीय क्रिकेटर उन्मुक्त चंद ने अपने साथियों शिवम् शर्मा एवं मोहम्मद आरिफ़ के साथ मिलकर एक नई पहल की शुरुआत की। कल दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में उन्होंने क्रिकेट वॉल्ट एकेडमी और क्रिकेट अकैडमी प्रीमियर लीग (CAPL) का आधिकारिक शुभारंभ किया।

यह मंच उन खिलाड़ियों के लिए समर्पित है, जो क्रिकेट की शुरुआत तो करते हैं, परंतु किसी कारणवश आगे बढ़ने का अवसर नहीं पाते और जिनके सपने अधूरे रह जाते हैं। सी.ए.पी.एल का उद्देश्य उन 90% से अधिक खिलाड़ियों को सही अवसर देना है, जिन्हें अब तक बड़े मंच तक पहुँचने का मार्ग नहीं मिला।

क्रिकेट वॉल्ट एकेडमी और सी.ए.पी.एल, देशभर में चल रही क्रिकेट अकादमियों के बीच एक सेतु का कार्य करेगी जो न केवल उत्कृष्ट प्रतिभा को पहचान दिलाएगी, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय लीग्स में भागीदारी के अवसर भी प्रदान करेगी। संस्था द्वारा विकसित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से देशभर की क्रिकेट अकादमियों और प्रशिक्षण संस्थानों को आपस में जोड़ा जाएगा।

इस माध्यम से एकेडमी जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताएँ आयोजित कराएंगी, वरिष्ठ खिलाड़ियों द्वारा कार्यशालाएँ और प्रशिक्षण शिविर संचालित होंगे और साथ ही अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए सर्वश्रेष्ठ अकादमी चुनने का एक सरल व सहज विकल्प भी मिलेगा।

इस अवसर पर क्रिकेट वॉल्ट एकेडमी और सी.ए.पी.एल, सह-संस्थापक एवं  भूतपूर्व टीम इंडिया क्रिकेटर उन्मुक्त चंद ने कहा कि  “भारत के पास जमीनी स्तर पर असीम क्रिकेटिंग टैलेंट है, लेकिन सही संरचना, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और अवसर की कमी से यह आगे नहीं बढ़ पाता। सी.ए.पी.एल जैसे मंच से हज़ारों युवा खिलाड़ियों को एक सही प्लेटफ़ॉर्म मिलेगा, जिससे वे अपनी प्रतिभा के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।”

संस्थापक शिवम् शर्मा और निदेशक मोहम्मद आरिफ़ ने बताया कि आगामी एक वर्ष में क्रिकेट वॉल्ट एकेडमी, क्रिकेट अकैडमी प्रीमियर लीग (CAPL) की शुरुआत करेगी। इस लीग में ऐसे खिलाड़ी नज़र आएँगे, जो कठोर प्रतिस्पर्धा में किसी कारण पीछे रह गए थे, लेकिन जिनमें उत्कृष्ट प्रतिभा छिपी हुई है। देश के क्रिकेट प्रेमियों को आने वाले समय में एक और रोमांचक क्रिकेट लीग का आनंद मिलेगा।

कार्यक्रम की विशेष शोभा बढ़ाई राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने, जिनकी उपस्थिति ने इस आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। साथ ही, उन्मुक्त चंद्र के गुरु और प्रसिद्ध क्रिकेट कोच संजय भारद्वाज सहित कई गणमान्य हस्तियाँ भी इस अवसर पर मौजूद रहीं और उन्होंने इस पहल को भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।

 

 

Share This Post:-
Post Views: 95 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *