Post Views: 0
संविधान क्लब में वार्षिक दिवस समारोह एवं पुस्तक विमोचन का भव्य आयोजन
अमर चंद्र
नई दिल्ली। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही ओसेल फाउंडेशन ने नई दिल्ली स्थित संविधान क्लब ऑफ इंडिया में अपना वार्षिक दिवस समारोह एवं पुस्तक विमोचन कार्यक्रम भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया। समारोह में देश की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष पहचान प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय पासवान, प्रख्यात लेखक एवं चिंतक डॉ. रविंदर सिंह, विशिष्ट अतिथि नूने बालराज तथा ओसेल फाउंडेशन के मानद सचिव एवं प्रख्यात उद्योगपति मुकेश सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही सेवा, समान अवसर और सामाजिक समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया।
इस अवसर पर ओसेल फाउंडेशन की दो महत्वपूर्ण प्रकाशनों “बियॉन्ड द जैक : द राइज ऑफ बोच्चिया इन इंडिया” तथा ओसेल फाउंडेशन वार्षिक प्रभाव रिपोर्ट 2025-26 का लोकार्पण किया गया। इन पुस्तकों में दिव्यांगजन सशक्तिकरण, शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य सेवाओं और सतत विकास के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया।
अपने संबोधन में ओसेल फाउंडेशन के मानद सचिव मुकेश सिन्हा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक अवसर, सम्मान और सहयोग पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन स्वास्थ्य सेवा, डिजिटल शिक्षा और सतत विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रहा है तथा आने वाले समय में और अधिक जनहितकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि फाउंडेशन के प्रमुख रवि मिश्रा, सुश्री ज्योत्सना जौहर तथा पूरी प्रबंधन टीम के अथक प्रयासों से संस्था समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है।
मुख्य अतिथि अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता और अवसर पहुंचाने में ऐसी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं डॉ. संजय पासवान ने फाउंडेशन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान के लिए ऐसे प्रयास प्रेरणादायक हैं और इन्हें देशभर में विस्तार मिलना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि नूने बालराज ने श्रवण स्वास्थ्य और मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुनने और समझने की क्षमता ही व्यक्ति को समाज से जोड़ती है। उन्होंने श्रवण स्वास्थ्य के क्षेत्र में ओसेल फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की विशेष सराहना की।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण सम्मान समारोह भी रहा। इस अवसर पर समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा जनकल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली अनेक संस्थाओं, फाउंडेशनों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यक्तित्वों और संगठनों के कार्यों को उपस्थित अतिथियों ने समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनकी मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के सफल एवं भव्य आयोजन के पीछे अधिवक्ता तनु मिश्रा की विशेष भूमिका रही। आयोजन की मुख्य सूत्रधार के रूप में उन्होंने कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, अतिथियों के समन्वय, व्यवस्थाओं और संचालन की जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। उनकी संगठन क्षमता और समर्पण के कारण समारोह अत्यंत सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। उपस्थित अतिथियों ने भी उनके प्रयासों की सराहना की।
समारोह का मंच संचालन भी अत्यंत प्रभावशाली और गरिमामय रहा, जिसने कार्यक्रम को अंत तक रोचक और अनुशासित बनाए रखा तथा सभी अतिथियों और श्रोताओं को कार्यक्रम से जोड़े रखा।
गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी के बाद स्थापित ओसेल फाउंडेशन आज स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और सतत विकास के तीन प्रमुख क्षेत्रों में कार्य करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक सहायता और अवसर पहुंचाने का कार्य कर रहा है। संस्था का लक्ष्य एक ऐसे समावेशी भारत का निर्माण करना है, जहां हर व्यक्ति को अपने सपनों को साकार करने का समान अवसर प्राप्त हो।
Related