उत्तराखण्ड

मिनी गढ़देवा 2026 में खिर्सू का परचम, 102 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियन बना; मंगलम फाउंडेशन ने खिलाड़ियों को भोजन कर बढ़ाया उत्साह

तीन दिवसीय जनपद स्तरीय खेल महाकुंभ में खिर्सू, यमकेश्वर और पौड़ी ने जमाई धाक; विजेता खिलाड़ी देहरादून में करेंगे जनपद का प्रतिनिधित्व

 

प्रताप थलवाल

दिल्ली/श्रीनगर गढ़वाल। खेल के मैदान में नन्हे खिलाड़ियों के दमखम, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बीच जनपद स्तरीय शरदकालीन/शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता मिनी गढ़देवा-2026 का भव्य समापन हुआ। श्रीकोट गंगनाली स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में खिर्सू विकासखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 102 अंकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। यमकेश्वर विकासखंड 87 अंकों के साथ उपविजेता तथा पौड़ी विकासखंड 62 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में जहां खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं मंगलम फाउंडेशन ने खिलाड़ियों के लिए तीनों दिन भोजन की व्यवस्था कर सामाजिक सहभागिता और खेल प्रोत्साहन की सराहनीय मिसाल पेश की।

22  से सितंबरशुरू हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया था। जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मंगलम फाउंडेशन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल रहा। संस्था की ओर से खिलाड़ियों के लिए तीनों दिन भोजन की व्यवस्था की गई तथा अंतिम दिन सभी बच्चों को फ्रूटी वितरित की गई। संस्था के इस सहयोग से प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने पहुंचे बच्चों को प्रोत्साहन मिला और आयोजन में सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी का महत्व भी सामने आया।

खिर्सू ने मारी बाजी, यमकेश्वर और पौड़ी भी रहे दमदार

मिनी गढ़देवा-2026 में विभिन्न विकासखंडों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। खिर्सू के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 102 अंक अर्जित किए और ओवरऑल चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। यमकेश्वर ने 87 अंकों के साथ दूसरा तथा पौड़ी ने 62 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्साह देखने को मिला। मैदान में खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर साबित किया कि ग्रामीण अंचलों में भी खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उचित अवसर, मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध होने पर ये खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर सकते हैं।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में विजय, शानवी और राधिका का शानदार प्रदर्शन

प्रतियोगिता की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। सब-जूनियर बालक वर्ग में यमकेश्वर के गंगा भोगपुर स्थित दिव्य भारत पब्लिक स्कूल के विजय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़ और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लंबी कूद में द्वितीय स्थान हासिल किया।

प्राथमिक बालिका वर्ग में नैनीडांडा के सरस्वती बाल निकेतन की शानवी थपलियाल ने 50 मीटर और 100 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने लंबी कूद में भी द्वितीय स्थान हासिल किया।

वहीं, सब-जूनियर बालिका वर्ग में राजकीय जूनियर हाईस्कूल खोलाचौरी की राधिका ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम तथा 100 मीटर दौड़ और लंबी कूद में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि छोटी उम्र से ही खेलों के प्रति रुचि, नियमित अभ्यास और बेहतर अवसर मिलने से बच्चों में प्रतिभा का निरंतर विकास संभव है।

देहरादून में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी

मिनी गढ़देवा-2026 में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम, देहरादून में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में पौड़ी जनपद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

जनपद स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों के लिए अब देहरादून में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने का नया अवसर होगा। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों से उम्मीद है कि वे आगामी मुकाबलों में भी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

महेश गिरि ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में केवल शारीरिक क्षमता और खेल प्रतिभा का ही विकास नहीं करतीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत बनाती हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने का अवसर मिलता है।

मंगलम फाउंडेशन ने भोजन व्यवस्था कर निभाई सामाजिक जिम्मेदारी

तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान मंगलम फाउंडेशन श्रीनगर गढ़वाल की ओर से खिलाड़ियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। संस्था ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन बच्चों को फ्रूटी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

23 सितंबर को मंगलम फाउंडेशन ने प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष आशा डोभाल, उपाध्यक्ष बीना मेहरा, सचिव रमा अग्रवाल और कोषाध्यक्ष ऋतु शाह उपस्थित रहीं। इनके अतिरिक्त सह सचिव आशा फरासी, सलाहकार संगीता फरासी, शकुंतला जैन, उषा फरासी, मनमीत कौर, शालिनी वर्मा और विमला रावत ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

मंगलम फाउंडेशन की इस पहल ने खेल आयोजन में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को रेखांकित किया। खिलाड़ियों के लिए भोजन और आवश्यक सहयोग की व्यवस्था करना न केवल बच्चों का मनोबल बढ़ाने वाला कदम रहा, बल्कि खेल और सामाजिक सेवा के बीच मजबूत संबंध का भी उदाहरण बना।

निर्णायक मंडल और सहयोगियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के कमल उप्रेती, प्रदीप रावत, ललित मोहन बिष्ट, जितेन्द्र राय, नवीन नेगी, संजय टम्टा, जयकृत भण्डारी, विवेक कपरवाण, दुर्गेश बर्थवाल, मनीष कोठियाल, विपिन रागड़, मातबर चौहान एवं प्रवीन नेगी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आयोजन को सफल बनाने में मुकेश काला, रोहित देवराणी, नवीन धारीवाल, प्रकाश रावत, चंद्रमोहन सिंह बिष्ट, बृजमोहन मेवाड़, शंकरमणि थपलियाल, मुकेश बहुगुणा एवं संगीता फरासी सहित अन्य सहयोगियों की सक्रिय भूमिका रही।

उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोज जुगराण एवं उनकी टीम तथा उत्तराखंड जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ पौड़ी के अध्यक्ष भगत भण्डारी एवं उनकी टीम की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

प्रतियोगिता में विशेष सहयोग मंगलम फाउंडेशन श्रीनगर गढ़वाल, श्रीमती रश्मि बिष्ट, जितेन्द्र राय, जय दयाल चौहान, रेखा नेगी, अनीता गुसाईं, मुकेश बहुगुणा, सरफराज अहमद एवं विपिन गौतम द्वारा प्रदान किया गया।

मुख्य शिक्षा अधिकारी ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं

प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी अत्रेय सयाना रहे। उन्होंने प्रतिभागी बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आयोजक एवं संयोजक खंड शिक्षा अधिकारी खिर्सू अश्वनी रावत ने मिनी गढ़देवा-2026 के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन के लिए सभी अध्यापकों, टीम प्रभारियों, खेल समन्वयकों, प्रतिभागी बच्चों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और मीडिया साथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, समर्पण और सकारात्मक सहभागिता से ही यह आयोजन सफल हो सका। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों को भविष्य में भी खेलों के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।

प्रचार-प्रसार समिति के नवीन डोभाल एवं महेश गिरि ने प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी और आयोजन के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मिनी गढ़देवा-2026 का यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं। खेल के मैदान में निखरती प्रतिभाएं ही आने वाले समय में जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *