उत्तराखण्डदिल्लीराष्ट्रीय

केसर सिंह नेगी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर उमड़ा उत्तराखंड समाज

मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण: निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन

Amar sandesh नई दिल्ली, 14 जून। मालवीय नगर अग्निकांड प्रकरण में बंद  केसर सिंह नेगी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रविवार को जंतर-मंतर, नई दिल्ली में उत्तराखंड लोक मंच के नेतृत्व में एक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक प्रदर्शन आयोजित किया गया। संसद की चौखट पर आयोजित इस प्रदर्शन में उत्तराखंड समाज के विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि यह केवल श्री केसर सिंह नेगी से जुड़ा मामला नहीं, बल्कि न्याय, निष्पक्षता और सत्य की स्थापना का प्रश्न है। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़नी चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

उत्तराखंड लोक मंच के अध्यक्ष बृजमोहन उप्रेती तथा वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में न्याय की मांग को लेकर जोरदार नारे लगाए गए। उपस्थित जनसमूह ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ अन्याय हो रहा है तो समाज लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से उसके समर्थन में आवाज उठाता रहेगा

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मालवीय नगर अग्निकांड जैसे गंभीर मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक जांच अत्यंत आवश्यक है। समाज का विश्वास है कि न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से सत्य सामने आएगा और कानून के अनुसार उचित निर्णय होगा।

वक्ताओं ने सरकार, संबंधित जांच एजेंसियों एवं माननीय न्यायालय से मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा सभी पक्षों को न्याय दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था में समाज की आस्था बनी रहनी चाहिए और किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

उत्तराखंड लोक मंच ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति, संस्था अथवा एजेंसी के विरोध में नहीं, बल्कि न्याय, सत्य एवं संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए आयोजित किया गया है। मंच ने कहा कि समाज लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखता रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ पत्रकार देव सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह हालसी, पवन मैठानी, गजेन्द्र सिंह चौहान, देवेंद्र सजवाण, चारु तिवारी, प्रताप थलवाल, कांग्रेस नेता धीरेंद्र प्रताप, लक्ष्मण रावत, ईश्वर रावत, उत्तराखंड क्रांति दल के आशुतोष नेगी, प्रताप साही, प्रमिला, पूर्व मेजर संतोष भंडारी, बबीता नेगी, लक्ष्मी रावत, रजनी जोशी, विक्की बोहरा, पी.एन. शर्मा, संजय नौटियाल, राहुल सती, शशिमोहन कोटनाला, व्योमेश जुगरान, रमेश भट्ट, शंकर खाती, पृथ्वी रावत, दाताराम चमोली, विनोद ढौढ़ियाल, लोकगायक शिव दत्त पंत, प्रोफेसर प्रकाश उप्रेती सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में श्री केसर सिंह नेगी के लिए न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया।

प्रदर्शन के अंत में उपस्थित जनसमूह ने संकल्प लिया कि न्याय की इस लड़ाई में उत्तराखंड समाज एकजुट रहेगा तथा सत्य, न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। विभिन्न उत्तराखंडी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बड़ी संख्या में भागीदारी कर मामले की निष्पक्ष जांच एवं न्यायोचित कार्रवाई की मांग दोहराई।

“न्याय की प्रक्रिया निष्पक्ष हो, सत्य सामने आए और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो” इसी संदेश के साथ प्रदर्शन का समापन हुआ।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *