राजस्थानराष्ट्रीय

योग से ही संभव है स्वस्थ, सक्रिय और गरिमामय वृद्धावस्था — डॉ. एस.एस. अग्रवाल

जयपुर में योग महोत्सव 2026 के कर्टेन रेज़र कार्यक्रम का भव्य आयोजन, ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक मानवता’ का दिया संदेश

Amar sandesh जयपुर, 14 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत योग महोत्सव 2026 – कर्टेन रेज़र का आयोजन शनिवार को राजस्थान हॉस्पिटल लिमिटेड, जयपुर में उत्साह, अनुशासन और व्यापक जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य विषय “योग के साथ स्वस्थ, सक्रिय एवं गरिमामय वृद्धावस्था” रहा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और समग्र जीवनशैली का आधार है। कार्यक्रम का उद्देश्य भारत की प्राचीन योग परंपरा के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा वृद्धावस्था को स्वस्थ, सक्रिय और सम्मानजनक बनाने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में राजस्थान हॉस्पिटल लिमिटेड एवं योग महोत्सव के चेयरमैन डॉ. एस.एस. अग्रवाल की विशेष उपस्थिति एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इस अवसर पर सार्वजनिक जीवन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख अतिथियों में श्री प्रेम चंद बैरवा, श्री विनय कुमार रोहिल्ला, श्री गोपाल शर्मा, श्री रामचरण बोहरा, श्रीमती मंजू शर्मा, डॉ. संजीव शर्मा तथा श्री जसबीर सिंह शामिल रहे।
सामूहिक योग सत्र, जन-जागरूकता गतिविधियों और स्वास्थ्य संवाद के माध्यम से “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य, एक मानवता” के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित लोगों ने योग को जन-आंदोलन बनाने और दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. आदित्य नाग, सदस्य आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि “योग के साथ वृद्धावस्था केवल वर्षों का विस्तार नहीं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता का उत्कर्ष है।”

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *