दिल्लीराज्यराष्ट्रीय

मजबूत भारत और सरकार के लिए आप अपना भरपूर समर्थन दें : मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्य प्रदेश के खरगौन में आयोजित विशाल जन-सभा को संबोधित किया और कांग्रेस पार्टी पर जम कर हमला बोलते हुए चुनाव के अंतिम चरण में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में भारी मतदान की अपील की। श्री मोदी ने कहा कि मेरे चुनाव अभियान की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मेरठ से हुई थी। अब आखिरी सभा मध्य प्रदेश के खरगौन में हो रही है। ऐतिहासिक नजर से देखें तो मेरठ और खरगौन के बीच एक डोर ऐसा भी है जिस पर अक्सर ध्यान नहीं जाता। ये दोनों ही शहर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े हुए हैं। मेरठ में जहां अंग्रेजों के खिलाफ सैनिक विद्रोह हुआ था, वहीं खरगौन की इस धरती पर महान योद्धा और स्वतंत्रता सेनानी भीमा नायक ने आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया और मां भारती की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। इस रविवार को जब आप मतदान केंद्र पर पहुंचेंगे तो यहाँ की जनता इतिहास रचने वाली है। दशकों बाद जनता लगातार दूसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने वाले हैं और इस बार जनता सिर्फ एक वोट नहीं डालने वाली बल्कि विकसित और वैभवशाली, नए भारत की नींव को और मजबूत करने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव सरकार बनाने के लिए होता है। राजनीतिक दल और जन-प्रतिनिधि आपसे अपनी-अपनी नीयत और नीति के हिसाब से वोट मांगते हैं लेकिन 2019 का ये चुनाव अलग है और अभूतपूर्व है। इस बार के चुनाव का नेतृत्व देश की जनता कर रही है। कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कामरूप तक पूरा देश कह रहा है- अबकी बार, 300 पार! फिर एक बार, मोदी सरकार। उन्होंने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि देश राष्ट्रवाद की प्रेरणा, अंत्योदय के दर्शन और सुशासन के मंत्र को लेकर चल रही भाजपा के प्रति अपना विश्वास दिखा रहा है। मुझे संतोष है कि, हमारे सपूतों के शौर्य के सम्मान में पूरा देश खड़ा हो रहा है। कांग्रेस, सैनिकों से विशेषाधिकार छीनने और देशद्रोह का कानून खत्म करने जैसे विषयों को लेकर जनता के बीच गई, जिसको देश ने ठुकरा दिया है। देश इस बात पर एकमत है कि जो लोग जम्मू कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की पैरवी कर रहे हैं, उन्हें इस चुनाव में बड़ी से बड़ी सज़ा दी जाए। श्री मोदी ने कहा कि जब तक मोदी है, भाजपा है, तब तक जंगल में रहने वालों के अधिकारों और उनकी जमीन को कोई हाथ नहीं लगा पाएगा। आपका ये सेवक आदिवासी समाज की पढ़ाई, कमाई, दवाई, सिंचाई और जन-जन की सुनवाई के लिए निष्ठा से काम कर रहा है। पढाई के लिए देशभर में एकलव्य स्कूलों का एक व्यापक नेटवर्क बनाया जा रहा है। आदिवासी क्षेत्रों से विश्व स्तरीय खिलाड़ी तैयार करने का हमने अभियान चलाया है। वन-धन केंद्रों के माध्यम से वन-उपज में मूल्य वृद्धि करने के लिए हम निरंतर काम कर रहे हैं, जिससे वन-उपज की अधिक कीमत मिलनी तय है। यही नहीं, आदिवासी कलाकृतियों को दुनिया भर के मार्केट में ऑनलाइन पहुंचाने के लिए भी हम जुटे हैं। आदिवासी संस्कृति और परंपरा को तकनीक के माध्यम से संरक्षित किया जा रहा है। इसके अलावा आजादी के लिए शहीद हुए आदिवासी वीर-वीरांगनाओं के लिए देशभर में स्मारकों पर काम चल रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज मैं उस किसान का भी आभार व्यक्त करता हूँ, जिसने निरंतर अपने इस सेवक पर भरोसा रखा है। बीते 5 वर्षों में बीज से लेकर बाज़ार तक की एक मजबूत व्यवस्था बनाने के लिए जो कदम उठाए हैं, उनको हम और गति देने वाले हैं। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। हम किसानों को सशक्त बनाने में जुटे हैं। इसी सोच के तहत ही किसानों के खाते में सीधे पैसे जमा किए जा रहे हैं। अब तो हमने ये भी तय किया है कि अब देश के हर किसान परिवार के खाते में ये मदद सीधे भेजें। मंडियों को बिचौलिया मुक्त करने के लिए, किसान को उचित दाम दिलाने के लिए, e-NAM जैसी व्यवस्था पूरे देश में सशक्त की जा रही है। दिल्ली से आपके इस सेवक ने आदिवासी बच्चों, प्रसूता बहनों को कुपोषण और भूख से बचाने के लिए जो पैसा भेजा, वो पैसा भी यहाँ की कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रचार में लगा दिया। तुगलक रोड चुनाव घोटाला पूरे देश ने देखा है। कांग्रेस के नेताओं के घर से करोड़ों रुपए बोरों में भर-भर कर मिले। श्री मोदी ने कहा कि यहां विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कहा था कि हम 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ़ कर देंगे। अब तक कर्ज माफ़ हुआ क्या? उल्टा बैंक नए कर्ज नहीं दे रही। जिन्होंने कर्ज माफ़ नहीं किया, उन्हें कहिये कि आप हमें माफ़ करो और जाओ। बीते 5 वर्ष में स्कूल-स्कूल में, घर-घर में बहन-बेटियों के लिए हमने शौचालय बनाया। गांव-गांव, गरीब के घर-घर तक बिजली पहुंचाने का बीड़ा उठाया। गरीब से गरीब के घर में मुफ्त गैस का कनेक्शन दिया। आने वाले 5 वर्षों में हम पानी की समस्या पर गंभीरता से काम करने वाले हैं। बिजली के वादे के साथ तो इन्होंने ऐसा खेल कर दिया कि अच्छे-अच्छे चकरा जाएं। कांग्रेस ने बिजली का बिल आधा करने का वादा किया था लेकिन इनका शैतानी दिमाग देखिए, बिजली का बिल तो आधा किया नहीं, बिजली ही आधी कर दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने देश को, गरीब को ये विश्वास दिया है कि अब पैसों की कमी बेहतर स्वास्थ्य के आड़े नहीं आएगी। 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज आज अनेक परिवारों को बीमारी के साथ-साथ भीषण गरीबी में जाने से भी बचा रहा है। मेरी खरगौन और धार के सभी मतदाताओं से अपील है कि 19 मई को भारी संख्या में मतदान केंद्र पर पहुंचें। कमल निशान पर बटन दबाएं। मजबूत भारत और एक मजबूत सरकार के लिए अपना भरपूर समर्थन दें। आप जब कमल का बटन दबाएंगे, तब वो सिर्फ आप उंगली नहीं दबा रहे हैं बल्कि आप आतंकवादियों के सीने में गोली मारने वाला ट्रिगर दबा रहे हैं। आप जब कमल का बटन दबाएंगे, तब दुनिया में तिरंगा झंड़ा ऊँचा दिखे, ये काम होगा। आप जब कमल का बटन दबाएंगे, तब देश की माताओं-बहनों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। आप जब कमल का बटन दबाएंगे, तब देश के युवाओं के उज्ज्बल भविष्य की गांरटी तय होगी। आप जब कमल का बटन दबाएंगे, तब हमारे देश का किसान सच्चे अर्थ में भारत का भाग्यविधाता बने, ये काम होगा।

Share This Post:-
Post Views: 32 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *