उत्तराखण्डराष्ट्रीय

“कोटद्वार में रिखणीखाल ब्लॉक प्रवासी सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ सम्पन्न, 

 सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान

Amar chand कोटद्वार। हाल ही में कोटद्वार में रिखणीखाल ब्लॉक के प्रवासी नागरिकों द्वारा आयोजित प्रवासी सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे उत्साह, गरिमा और पारंपरिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम में क्षेत्रीय एकता, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और समाज सेवा को केंद्र में रखकर कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर श्री नागेंद्र सिंह नेगी जी (ग्राम बड़खेत तल्ला) एवं श्री धीरेन्द्र सिंह रावत जी (ग्राम चाँदपुर) को सामाजिक और धार्मिक क्षेत्रों में किए गए उनके अनुकरणीय योगदान के लिए विशेष रूप से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उनके साथ कई अन्य प्रतिष्ठित समाजसेवियों को भी यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक श्री ठाकुर सिंह रावत (ग्राम मलणगांव) ने की। उन्होंने अपने संबोधन में समाज सेवा, गांवों के उत्थान और प्रवासी युवाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए।इस आयोजन का संयोजन इस बार भी श्री अमित नेगी जी (ग्राम सिरस्वाड़ी) द्वारा भव्य रूप में किया गया। श्री नेगी, जो भारतीय जनता पार्टी के एक कर्मठ और लोकप्रिय नेता हैं, पिछले कई वर्षों से इस आयोजन को दिशा और ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं।

श्री अमित नेगी जी वर्तमान में कोटद्वार नगर निगम में पार्षद के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलामंत्री पद की जिम्मेदारी भी सफलतापूर्वक निभा रहे हैं। उनकी कार्यशैली, जनसम्पर्क और सामाजिक सक्रियता ने उन्हें कोटद्वार नगर से लेकर रिखणीखाल, जहरीखाल और दुगड्डा ब्लॉक तक अत्यंत लोकप्रिय बना दिया है।

हाल ही में सम्पन्न नगर निगम चुनावों में उनकी शानदार जीत इस बात का प्रमाण है कि वे जनमानस की पहली पसंद बन चुके हैं। आयोजन स्थल पर भी नागरिकों और युवाओं का उनके प्रति उत्साह साफ देखने को मिला, लोग उनके साथ संवाद करने, तस्वीरें खिंचवाने और सुझाव साझा करने में विशेष रुचि दिखा रहे थे।

कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य, गीत, कविताएं और वाद्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंडी संस्कृति की झलक प्रस्तुत की गई। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की भागीदारी ने इस आयोजन को और भी प्रभावशाली बना दिया।

सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य था – प्रवासी नागरिकों को एक मंच पर लाकर अपने गांव, संस्कृति और समाज के लिए साझा संकल्प लेना और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना।

इस आयोजन ने यह साबित किया कि रिखणीखाल क्षेत्र से जुड़ा हर प्रवासी, चाहे वह कहीं भी हो, अपने जड़ों से गहराई से जुड़ा हुआ है और समाज के लिए कुछ करने को सदैव तत्पर है।

कार्यक्रम के अंत में यह उम्मीद जताई गई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलती रहेगी।

Share This Post:-
Post Views: 30 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *