Uncategorized

सांसद अनिल बलूनी ने देवप्रयाग में की गंगा आरती, गंगा घाट के सर्वांगीण विकास की कही बात

अमर संदेश देहरादून।देवप्रयाग, शुक्रवार: गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने माँ गंगा की उद्गम स्थली देवप्रयाग में पवित्र गंगा आरती में भाग लिया और माँ गंगा से सभी जनों के कल्याण की मंगल कामना की। इस अवसर पर उनके साथ स्थानीय विधायक विनोद कंडारी तथा देवप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ममता देवी भी उपस्थित रहीं।

गंगा आरती के उपरांत सांसद बलूनी ने देवप्रयाग में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग स्थित गंगा घाट को तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से काशी और हरिद्वार की तरह विश्व मानचित्र पर स्थापित किया जाएगा। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अधिक सुविधा मिले, इसके लिए उन्होंने गंगा घाट के सुंदरीकरण और आधारभूत ढांचे के विकास पर बल दिया।

सांसद बलूनी ने विश्वास जताया कि गंगा घाट के विकास से न केवल धार्मिक महत्त्व बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से देवप्रयाग को एक आदर्श तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।

इसी क्रम में आज सांसद अनिल बलूनी ने जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों और वीर सैनिकों को नमन करते हुए कहा कि उत्तराखंड वीरभूमि है, और शौर्य परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्त्व है।

Share This Post:-
Post Views: 41 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *