उत्तराखण्डराष्ट्रीय

स्व. प्रेम बल्लभ जखमोला की स्मृति में “कुमाल्डी प्रीमियर लीग 2026” का आयोजन, 1 जून से होगा क्रिकेट महाकुम्भ

अमर चंद्र

दिल्ली/कोटद्वार।देवभूमि उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड रिखणीखाल अंतर्गत ग्राम सभा कुमाल्डी में इस वर्ष क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। क्षेत्र के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद् एवं समाजसेवी स्वर्गीय प्रेम बल्लभ जखमोला की स्मृति में “कुमाल्डी प्रीमियर लीग (KPL) 2026” का भव्य आयोजन आगामी 1 जून 2026 से कुमाल्डी क्रिकेट ग्राउंड में शुरू होगा।

यह टूर्नामेंट स्व. जखमोला जी के सुपुत्र विनोद जखमोला के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है, जो स्वयं एक सक्रिय समाजसेवी एवं राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में क्षेत्र में अपनी पहचान रखते हैं। वे लगातार क्षेत्र के विकास, सामाजिक कार्यों और जनहित के मुद्दों में बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं।

टूर्नामेंट में विजेता टीम को ₹51,000 नगद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे, जबकि उपविजेता टीम को ₹21,000 की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा “मैन ऑफ द टूर्नामेंट” को ₹5,100 और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज एवं विकेटकीपर को ₹2,100-₹2,100 के पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजन की खास बात यह है कि सभी मैच लेदर बॉल (लाल गेंद) से खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और भी प्रतिस्पर्धात्मक एवं पेशेवर बनेगा। प्रत्येक टीम के लिए प्रवेश शुल्क ₹2,500 निर्धारित किया गया है।

स्व. प्रेम बल्लभ जखमोला न केवल एक शिक्षाविद् के रूप में विख्यात थे, बल्कि उन्होंने समाज और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके व्यक्तित्व और कार्यों से प्रेरित होकर यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके आदर्शों को जीवित रखने का प्रयास है।

आयोजक विनोद जखमोला अपने सरल, मृदुभाषी एवं मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। वे निरंतर क्षेत्र के विकास, सामाजिक एकता और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहते हैं।

टूर्नामेंट के लिए पंजीकरण हेतु आयोजकों द्वारा संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, और क्षेत्र की टीमों में इस प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करेगा, बल्कि स्व. जखमोला जी की स्मृति को भी सजीव बनाए रखने का एक सराहनीय प्रयास साबित होगा।

Share This Post:-
Post Views: 38 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *