राष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

“एसजेवीएन की रफ्तार से रोशन हो रहा हिमाचल: समयबद्ध प्रोजेक्ट्स से देश को मिलेगी नई ऊर्जा”—पंकज अग्रवाल 

हिमाचल में एसजेवीएन की जलविद्युत परियोजनाओं की समीक्षा, प्रगति पर जोर

Amar sandesh दिल्ली/रामपुर।भारत सरकार के सचिव (विद्युत) पंकज अग्रवाल ने हिमाचल प्रदेश में एसजेवीएन की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं का दौरा कर उनके निर्माण एवं संचालन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ अपर सचिव (हाइड्रो एवं डीसी) दिवाकर नाथ मिश्रा तथा सदस्य (हाइड्रो) सीईए मिलिंद गणेश गोवले भी मौजूद रहे।

दौरे के दौरान उन्होंने 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन, 210 मेगावाट लुहरी-1 जलविद्युत परियोजना, 412 मेगावाट रामपुर जलविद्युत स्टेशन तथा 382 मेगावाट सुनी बांध जलविद्युत परियोजना में चल रहे कार्यों और उत्पादन व्यवस्था का जायजा लिया।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता, निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे, सीएमडी के ओएसडी श्री राजेश कुमार चंदेल सहित परियोजना प्रमुखों ने अतिथियों का स्वागत किया और उन्हें परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।

नाथपा झाकड़ी परियोजना में सचिव (विद्युत) ने विद्युत गृह का निरीक्षण कर संचालन एवं रखरखाव की व्यवस्थाओं, तकनीकी मापदंडों और उत्पादन उपलब्धियों की जानकारी ली। वहीं, रामपुर परियोजना में उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया।

लुहरी-1 परियोजना के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए बांध, विद्युत गृह और इलेक्ट्रो-मैकेनिकल इंस्टॉलेशन से जुड़े प्रमुख पहलुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना टीम को गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

सुनी बांध परियोजना में सचिव (विद्युत) ने सतलुज नदी पर निर्मित डबल लेन स्टील ट्रस पुल का उद्घाटन किया। यह पुल मंडी और शिमला जिलों के दूरस्थ क्षेत्रों के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के सामाजिक आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने बांध स्थल, मशीन हॉल और टेल रेस टनल का भी निरीक्षण किया।

दौरे के समापन पर सचिव श्री अग्रवाल ने ऊर्जा उत्पादन के लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए एसजेवीएन टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह पहल देश के जलविद्युत क्षेत्र को सुदृढ़ करने और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Share This Post:-
Post Views: 29 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *