Post Views: 0
वित्त सेवा सचिव एम. नागराजू का बड़ा निर्देश: बीमा कंपनियां युवाओं पर फोकस करें, डिजिटल ताकत बढ़ाएं
अमर चंद्र
नई दिल्ली।बीमा क्षेत्र को बदलते दौर के अनुरूप अधिक प्रभावी और जन-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से वित्त सेवा विभाग के सचिव एम. नागराजू ने सार्वजनिक क्षेत्र की सामान्य बीमा कंपनियों को कई अहम सुझाव दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि आने वाले समय में वही कंपनियां आगे बढ़ेंगी जो युवाओं की जरूरतों को समझते हुए नए और नवाचारी बीमा उत्पाद बाजार में लाएंगी और डिजिटल ढांचे को मजबूत करेंगी।
राजधानी में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में न्यू इंडिया एश्योरेंस, नेशनल इंश्योरेंस, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी की रणनीतियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान वित्त सेवा विभाग के विशेष सचिव संजय लोहिया, अपर सचिव डॉ. देबाशीष प्रुस्टी, वित्त मंत्रालय निदेशक बीमा प्रभाग मंदाकिनी बलोधी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस समीक्षा बैठक में न्यू इंडिया एश्योरेंस की सीएमडी गिरिजा सुब्रमणियन, नेशनल इंश्योरेंस की सीएमडी राजेश्वरी सिंह मुनी, यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस के सीएमडी बी. एस. राहुल और एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी की सीएमडी डॉ. लावण्या आर. मुंडापूर सहित कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन ने भाग लिया।
समीक्षा के दौरान सचिव एम. नागराजू ने परिचालन दक्षता बढ़ाने, वित्तीय स्थिति मजबूत करने और सतत विकास को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने मध्यम अवधि (तीन वर्ष) और दीर्घ अवधि (पांच वर्ष) की रणनीतियों को परिणामोन्मुख बनाने की बात कही, ताकि सेवा गुणवत्ता में स्पष्ट सुधार हो सके।
उन्होंने कंपनियों को निवेश के अवसर बढ़ाने के साथ नुकसान अनुपात कम करने के लिए ठोस रणनीति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में अपनी पहुंच मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि बीमा सेवाओं का दायरा और व्यापक हो सके।
वित्त सेवा सचिव एम. नागराजू ने कहा कि युवा वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए सरल, सुलभ और नवाचारी बीमा उत्पाद विकसित किए जाएं। इसके साथ ही तकनीक को तेजी से अपनाने और प्रक्रियाओं के पूर्ण डिजिटलीकरण की दिशा में कदम बढ़ाने की आवश्यकता जताई।
बैठक में साइबर सुरक्षा मानकों के पालन, डिजिटल नवाचारों को बढ़ावा देने और ऑनलाइन माध्यमों से सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान और दावों के पारदर्शी व समयबद्ध निपटान को सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा, कंपनियों को सोशल मीडिया और अन्य संचार माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए अपने वितरण नेटवर्क को मजबूत करने की सलाह दी गई, ताकि बीमा सेवाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें।
इस बैठक को बीमा क्षेत्र में सुधार और नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Related