Views: 0
पत्रकारों के सुख–दुःख में साथ खड़ा रहना ही हमारे संगठन की पहचान है : अमर चंद्र
Amar sandesh दिल्ली/वसुंधरा (गाजियाबाद)। वरिष्ठ पत्रकार चारु तिवारी के स्वास्थ्य का हालचाल जानने और उनके प्रति एकजुटता व्यक्त करने के लिए उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली-एनसीआर की टीम अध्यक्ष अमर चंद के नेतृत्व में उनके वसुंधरा स्थित आवास पर पहुंची। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने चारु तिवारी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
पत्रकार साथियों की पहल पर उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली-एनसीआर से जुड़े पत्रकारों ने आपसी सहयोग से 11,000 रुपये की राशि एकत्रित कर चारु तिवारी के बैंक खाते में हस्तांतरित की। यह सहयोग राशि कठिन समय में अपने वरिष्ठ पत्रकार साथी के साथ खड़े रहने और पत्रकार बिरादरी के बीच आपसी संवेदना एवं एकजुटता का प्रतीक है।
इस अवसर पर चारु तिवारी ने संगठन के सभी पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के लिए संगठित रहना बेहद जरूरी है। संकट की घड़ी में अपने लोग और संगठन ही सबसे अधिक काम आते हैं। उन्होंने संगठन के प्रयासों की सराहना करते हुए आशा व्यक्त की कि उत्तराखंड मीडिया संगठन भविष्य में भी पत्रकारों के सुख-दुःख में इसी तरह सहभागी बना रहेगा। उन्होंने संगठन को शुभकामनाएं देते हुए अपने पूर्ण सहयोग और समर्थन का भरोसा भी दिया।
चारु तिवारी ने अपना स्वास्थ्य फिलहाल कुछ बेहतर बताया, हालांकि उन्हें अभी आगे बड़ी सर्जरी से गुजरना है और लगातार चिकित्सकीय जांच चल रही है। संगठन के सभी सदस्यों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह इस कठिन दौर से मजबूती के साथ उबरकर एक बार फिर अपनी निर्भीक, ओजस्वी और प्रभावशाली आवाज के साथ पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय होंगे।
पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध संगठन
उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली-एनसीआर के अध्यक्ष अमर चंद ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पत्रकारों को एक मंच पर लाना ही नहीं, बल्कि जरूरत के समय उनके और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा होना भी है। पत्रकार समाज और लोकतंत्र के प्रति अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और कल्याण के लिए सामूहिक प्रयास करना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पत्रकारों और उनके परिवारों की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य करता रहेगा। साथ ही सरकारों, संबंधित संस्थाओं और अन्य संगठनों के समक्ष पत्रकारों की समस्याओं को उठाकर उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और उचित सुविधाओं के लिए आवाज बुलंद करेगा।
अमर चंद ने यह भी कहा कि पत्रकारों की एकजुटता तभी सार्थक होगी, जब संगठन अपने साथियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ जिम्मेदार और जनपक्षधर पत्रकारिता को भी मजबूत करेगा।
इस अवसर पर संगठन के महासचिव राजेश डंडरियाल, सचिव दीप शर्मा सिलौड़ी और मीडिया प्रभारी सत्येंद्र नेगी उपस्थित रहे।
उत्तराखंड मीडिया संगठन दिल्ली-एनसीआर ने चारु तिवारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए भरोसा दिलाया कि संगठन इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और आगे भी हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
Related