राष्ट्रीयस्वास्थ्य

स्क्रीन से थक रही हैं आंखें? 20-20-20 नियम अपनाकर डिजिटल आई स्ट्रेन से पाएं राहत : डॉ. नीतू गगनेजा

अमर संदेश से विशेष बातचीत में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू गगनेजा ने दी महत्वपूर्ण सलाह हर 20 मिनट बाद सिर्फ 20 सेकंड का छोटा-सा ब्रेक आपकी आंखों को डिजिटल आई स्ट्रेन, सूखेपन और थकान से बचाने में हो सकता है बेहद कारगर

 

नई दिल्ली।डिजिटल युग में मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट और कंप्यूटर का उपयोग हमारी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। पढ़ाई, नौकरी, ऑनलाइन मीटिंग, सोशल मीडिया और मनोरंजन के लिए लोग घंटों स्क्रीन के सामने समय बिताते हैं। इसका सीधा असर आंखों पर पड़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग आंखों में थकान, सूखापन, जलन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना और आंखों में भारीपन जैसी समस्याओं से परेशान हैं। विशेषज्ञ इसे डिजिटल आई स्ट्रेन कहते हैं।

अमर संदेश से विशेष बातचीत में मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटपड़गंज, दिल्ली की वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू गगनेजा ने बताया कि डिजिटल आई स्ट्रेन से बचने के लिए 20-20-20 नियम सबसे आसान, सुरक्षित और प्रभावी उपायों में से एक है।

उन्होंने बताया कि इस नियम के अनुसार हर 20 मिनट बाद स्क्रीन से नजर हटाकर 20 सेकंड तक लगभग 20 फीट दूर किसी वस्तु को देखना चाहिए। यदि चाहें तो इन 20 सेकंड के दौरान मन ही मन 1 से 20 तक गिनती भी गिन सकते हैं। इससे आंखों की मांसपेशियों को आराम मिलता है और लगातार एक ही दूरी पर फोकस करने से होने वाली थकान कम होती है।

डॉ. गगनेजा ने कहा कि लगातार स्क्रीन देखने के दौरान लोग सामान्य से कम पलकें झपकाते हैं, जिससे आंखों की प्राकृतिक नमी कम होने लगती है और ड्राई आई की समस्या बढ़ सकती है। 20-20-20 नियम अपनाने से आंखों को आराम मिलने के साथ-साथ पलकें अधिक झपकती हैं, जिससे आंखों की नमी बनी रहती है और डिजिटल आई स्ट्रेन का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है

उन्होंने सलाह दी कि स्क्रीन पर काम करते समय बार-बार पलकें झपकाने की आदत डालें, कंप्यूटर या लैपटॉप की स्क्रीन को आंखों के स्तर से थोड़ा नीचे रखें, स्क्रीन की ब्राइटनेस और कमरे की रोशनी में संतुलन बनाए रखें तथा लंबे समय तक बिना रुके स्क्रीन देखने से बचें। जिन लोगों का स्क्रीन टाइम अधिक है, उन्हें 20-20-20 नियम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बना लेना चाहिए। साथ ही समय-समय पर नेत्र विशेषज्ञ से आंखों की जांच भी करानी चाहिए।डॉ. गगनेजा ने स्पष्ट किया कि 20-20-20 नियम आंखों की थकान कम करने में मदद करता है, लेकिन यह चश्मे या चिकित्सकीय उपचार का विकल्प नहीं है। यदि किसी व्यक्ति को लगातार धुंधला दिखाई दे, आंखों में दर्द, जलन या अन्य परेशानी बनी रहे, तो बिना देरी किए नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहि

उन्होंने कहा कि आज की डिजिटल जीवनशैली में आंखों की देखभाल बेहद जरूरी है। सिर्फ 20 सेकंड का छोटा-सा विराम आपकी आंखों को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *