Post Views: 0
अमर चंद्र
नई दिल्ली। यूरोप स्थित लिटरेरी इंटेलेक्ट्स एंड पोएट्स ऑफ इंडियन ओरिजिन (LIPI Europe) के तत्वावधान में ‘इंडिया बियॉन्ड बॉर्डर्स’ नामक एक भव्य सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संध्या का आयोजन 5 अगस्त 2026 (बुधवार) को शाम 5:00 बजे से 8:00 बजे तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में किया जाएगा।
अमर संदेश के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. के. सी. पांडे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस विशेष आयोजन में विश्वभर में बसे भारतीय मूल के लोगों की मातृभूमि भारत के प्रति श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक विरासत को संगीत एवं साहित्य के माध्यम से अभिव्यक्त किया जाएगा।कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित विशेष संगीत वीडियो ‘मन जन गण मन गाएगा’ का आधिकारिक लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही युवा रचनाकारों को समर्पित एक विशेष साहित्यिक प्रकाशन का भी विमोचन होगा।
कार्यक्रम का नेतृत्व LIPI Europe की अध्यक्ष डॉ. योजना शाह जैन करेंगी। आयोजन को LIPI Europe के मेंटर तेजेंद्र शर्मा (एमबीई), लंदन तथा सुरेंद्र शर्मा का मार्गदर्शन प्राप्त है। कार्यक्रम के सांस्कृतिक सहयोगी के रूप में नेहा कूट्योर तथा अंतरराष्ट्रीय मीडिया पार्टनर के रूप में राइटफुली (Writefully Yours) सहयोग कर रहे हैं।
देवभूमि उत्तराखंड का नागरिक चाहे देश के किसी भी कोने में रहता हो या सात समंदर पार, उसकी आत्मा हमेशा अपनी मातृभूमि, अपनी संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़ी रहती है। इसका जीवंत उदाहरण देवभूमि उत्तराखंड की सुपुत्री योजना शाह जैन हैं, जिन्होंने अपने साहित्य, गीतों और पुस्तकों के माध्यम से अपनी जन्मभूमि और भारत के प्रति अटूट प्रेम को साकार किया है। उनकी हर रचना में उत्तराखंड की मिट्टी की सुगंध, भारतीय संस्कृति की गरिमा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट झलकती है।
देवभूमि उत्तराखंड के रहने वाले सेवानिवृत उच्च अधिकारी भारत सरकार श्री यू एस टौलिया ने अमर संदेश को बताया कि विदेश में रहते हुए भी योजना शाह जैन ने अपनी पहचान, अपनी संस्कृति और अपने प्रदेश को स्वयं से कभी अलग नहीं होने दिया। उनकी लेखनी आज राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का गौरव बढ़ा रही है। देवभूमि उत्तराखंड प्रवास के दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनके साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विदेशों में रहने वाले उत्तराखंडवासी अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं को विश्वभर में सम्मान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। योजना शाह जैन का कार्य भी इसी प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।
5 अगस्त 2026 को नई दिल्ली के संविधान क्लब में आयोजित होने वाला भव्य समारोह उनके इसी प्रदेश प्रेम, राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक समर्पण का सशक्त प्रमाण है। यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने और भारतीय संस्कृति को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने के उनके संकल्प का प्रेरणादायी उत्सव है।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और वैश्विक भारतीय समुदाय के अटूट संबंधों को और अधिक सशक्त करेगा।देश-विदेश के साहित्यकार, कलाकार, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का एक यादगार उत्सव बनेगा।
Related