Post Views: 0
बांसुरी स्वराज, अजय महावर, जितेंद्र महाजन और शिखा राय, विनोद बछेती समेत वरिष्ठ नेताओं ने स्मारकों पर किया स्वच्छता अभियान व माल्यार्पण
Amar sandesh नई दिल्ली, 9 अगस्त। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के अवसर पर दिल्ली भाजपा ने राजधानी में शहीद स्मारकों की स्वच्छता और वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का विशेष अभियान शुरू किया। प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल के संयोजन में शुरू किए गए इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारकों की सफाई कर देश के वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज ने मालवीय नगर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय पार्क में स्वच्छता अभियान में भाग लिया और पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान नई दिल्ली भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र चौधरी, निगम पार्षद लीना कुमार, जिला महामंत्री सत्येंद्र कुमार और मोनिका जुनेजा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विधायक शिखा राय ने सी.आर. पार्क स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक स्थल पर कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्मारक स्थल की नियमित स्वच्छता का संकल्प दिलाया और नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को भारत छोड़ो आंदोलन की स्मृति के दिन नेताजी के स्मारक पर सेवा करना उनके लिए गौरव की बात है।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी चौक स्थित शहीद महेश चंद शर्मा स्मारक पर विधायक अजय महावर ने प्रदेश उपाध्यक्ष रंजीत कश्यप और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। इसके बाद शहीद महेश चंद शर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

मौजपुर चौक स्थित शहीद मेजर आशाराम त्यागी स्मारक पर प्रदेश उपाध्यक्ष विनोद बछेती और विधायक जितेंद्र महाजन ने नवीन शाहदरा जिलाध्यक्ष मास्टर विनोद एवं कार्यकर्ताओं के साथ स्वच्छता अभियान चलाया। इसके बाद शहीद मेजर त्यागी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। जितेंद्र महाजन ने कहा कि शहीदों का स्मरण करना और उनके स्मारकों की सेवा करना प्रत्येक राष्ट्रभक्त भारतीय का कर्तव्य है। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विनोद बछेती ने कहा, “देश के वीर शहीदों का सम्मान केवल किसी विशेष अवसर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हमारी निरंतर जिम्मेदारी है। शहीद स्मारक हमारे उन महान सपूतों की याद दिलाते हैं, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इन स्मारकों की स्वच्छता और उनकी प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित करना उनके प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त करने का एक छोटा-सा प्रयास है। आज जरूरत है कि हम नई पीढ़ी को अपने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रभक्ति से परिचित कराएं। यही उनके बलिदान को सच्चे अर्थों में सम्मान देना होगा।”
नजफगढ़ के शहीद भगत सिंह चौक पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश भाटिया और किसान मोर्चा अध्यक्ष देवेंद्र सोलंकी ने स्वच्छता अभियान के बाद शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर बांसुरी स्वराज ने कहा कि आजादी के 80वें वर्ष में शहीद स्मारकों की सफाई और माल्यार्पण के माध्यम से देश के महान नायकों को नमन करना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया, उनके सपनों का भारत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विधायक अजय महावर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सप्ताह में शहीदों के स्मारकों पर पहुंचकर सेवा करने से मन गर्व से भर जाता है।। उन्होंने कहा कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के स्मारकों की सफाई कर उनका ऋण चुकाने की यह एक छोटी-सी कोशिश है। नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान और उनके संघर्ष की कहानी बताना समाज की जिम्मेदारी है।
Related