Post Views: 0
एलिम्को में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास, सीएमडी प्रवीण कुमार बोले- योग स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का सबसे बड़ा आधार
Amar sandesh दिल्ली/ कानपुर। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षक आचार्य विपिन पथिक एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से कार्यक्षमता, एकाग्रता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जबकि तनाव और नकारात्मकता से मुक्ति मिलती है।
उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है। यदि योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए तो स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक समाज के निर्माण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (वित्त एवं लेखा) अतुल रुस्तगी महाप्रबंधक (कार्मिक एवं प्रशासन) संजीब अरोड़ा, महाप्रबंधक (उत्पादन) विवेक द्विवेदी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा नियमित योगाभ्यास करने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
Related