रामनगर देहरादून सीधी ट्रेन सेवा जल्द शुरू, पिरुमदारा में संपर्क क्रांति का ठहराव सांसद अनिल बलूनी का बड़ा तोहफा
Amar sandesh दिल्ली/देहरादून। गढ़वाल क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित रेल सुविधा अब साकार होने जा रही है। क्षेत्रीय सांसद व भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी के सतत प्रयासों से रामनगर से देहरादून के बीच सीधी ट्रेन सेवा जल्द शुरू होने वाली है। इस संबंध में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और रेलवे की ओर से औपचारिक घोषणा किसी भी समय की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी ने जनवरी माह में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस महत्वपूर्ण मांग को प्रमुखता से उठाया था। उनके प्रयासों के चलते अब क्षेत्र को यह बड़ी सौगात मिलने जा रही है, जिससे यात्रियों को सीधा और सुगम आवागमन उपलब्ध होगा।
पिरुमदारा के यात्रियों को भी बड़ी राहत
रामनगर के पिरुमदारा क्षेत्र के लिए भी राहत भरी खबर सामने आई है। यहां संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी मिल रही है और यात्रियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
विशेषज्ञों का मानना है कि रामनगर–देहरादून सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इस उपलब्धि पर सांसद अनिल बलूनी ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं और आगे भी इसी तरह जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते रहेंगे।

