14 अमृत भारत सेवाएं नियमित, 5 नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल शुरू; 67.27 करोड़ यात्रियों ने किया रेल सफर
नई दिल्ली, 13 सितंबर। भारतीय रेल ने अगस्त 2026 में यात्री कनेक्टिविटी और माल ढुलाई क्षमता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की है। रेलवे के अनुसार, अगस्त में माल ढुलाई पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 5.4 प्रतिशत बढ़कर 137.9 मिलियन टन हो गई। वहीं यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए 14 अमृत भारत सेवाओं को नियमित किया गया तथा 5 नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल चालू किए गए।इसके साथ देश में चालू किए गए गति शक्ति कार्गो टर्मिनलों की कुल संख्या 149 हो गई है। इन टर्मिनलों के विस्तार से उद्योगों और व्यापारिक केंद्रों तक माल की तेज एवं सुगम आवाजाही को बढ़ावा मिलेगा।
माल ढुलाई में उल्लेखनीय वृद्धि
अगस्त 2026 में भारतीय रेल ने 137.9 मिलियन टन माल लोड किया, जबकि अगस्त 2025 में यह आंकड़ा 130.9 मिलियन टन था। माल ढुलाई से प्राप्त राजस्व में भी पिछले वर्ष की तुलना में 6.27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
प्रमुख वस्तुओं में लौह अयस्क की लोडिंग 12.1 प्रतिशत, क्लिंकर 10.4 प्रतिशत, घरेलू कंटेनर 9.2 प्रतिशत और कोयला 6 प्रतिशत बढ़ा। तैयार स्टील, मिनरल ऑयल और उर्वरक की ढुलाई में भी वृद्धि दर्ज की गई।
5 नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल
अगस्त में शिवलखा (गुजरात), नल्ली (तमिलनाडु), शक्तिनगर (उत्तर प्रदेश), देवराग्राम (मध्य प्रदेश) और ब्रजराजनगर (ओडिशा) में नए गति शक्ति कार्गो टर्मिनल चालू किए गए।
इन टर्मिनलों के माध्यम से उत्पादन एवं खपत केंद्रों तक रेल आधारित माल परिवहन की पहुंच बढ़ेगी। इससे लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने और माल की तेज निकासी में मदद मिलेगी।
14 अमृत भारत सेवाएं हुईं नियमित
यात्री कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए अगस्त में 14 अमृत भारत सेवाओं को विशेष ट्रेन से नियमित सेवा में परिवर्तित किया गया। इसके साथ अमृत भारत सेवाओं की कुल संख्या 86 हो गई है।
इन सेवाओं से उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क मजबूत हुआ है। गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस, गोरखपुर-दिल्ली जंक्शन, अहमदाबाद-भागलपुर, प्रयागराज-उधना और धनबाद-कोयंबटूर जैसी सेवाएं यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त और किफायती विकल्प उपलब्ध कराएंगी।
67.27 करोड़ यात्रियों ने किया रेल सफर
अगस्त 2026 में भारतीय रेल से 67.27 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की, जबकि अगस्त 2025 में यह संख्या 64.43 करोड़ थी। उपनगरीय यात्री यातायात भी बढ़ा और अगस्त में 38.01 करोड़ यात्रियों ने उपनगरीय रेल सेवाओं का उपयोग किया।
त्योहारों में विशेष ट्रेनों से मिली राहत
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त विशेष ट्रेनें संचालित कीं। 25 से 31 अगस्त 2026 के बीच रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेनों के 144 फेरे संचालित किए गए, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 48 फेरे संचालित हुए थे।
अतिरिक्त सेवाओं से त्योहार के दौरान अपने घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिली और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में मदद मिली।
यात्री सुविधा और अर्थव्यवस्था दोनों को गति
अगस्त के आंकड़े भारतीय रेल की दोहरी भूमिका को रेखांकित करते हैं एक ओर यात्रियों के लिए किफायती एवं बेहतर कनेक्टिविटी का विस्तार और दूसरी ओर देश की औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स व्यवस्था को मजबूत करना। अमृत भारत सेवाओं का विस्तार आम यात्रियों के लिए लंबी दूरी की यात्रा को सुगम बना रहा है, जबकि गति शक्ति कार्गो टर्मिनल उद्योगों के लिए माल परिवहन की क्षमता बढ़ा रहे हैं।