दिल्लीराष्ट्रीय

भारत की प्रगति में हरियाणा का अपना अहम योगदान : धमेंद्र प्रधान

कांग्रेस कुंठित हो चुकी है और दुविधा में फंसी है : धमेंद्र प्रधान

नई दिल्ली। भाजपा चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने कहा कि भारत की प्रगति में हरियाणा का अपना अहम योगदान है। अक्टूबर में हरियाणा विधानसभा के चुनाव होने हैं और जनता के आशीर्वाद से तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। श्री प्रधान ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस रोड़े अटकाने वाली पार्टी है। कांग्रेस के पास देश और प्रदेश की जनता के हित का कोई एजेंडा नहीं है। कांग्रेस कुंठित हो चुकी है, इसलिए कांग्रेस नकारात्मक राजनीतिक करती है और दुविधा में फंसी हुई है। धमेंद्र प्रधान शनिवार को पंचकूला स्थित ताउ देवीलाल स्टेडियम में विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की पहले सत्र की बैठक के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, पूर्व मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा भी उपस्थित रहे।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं हरियाणा भाजपा के चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने कहा कि विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया है, जिसमें केंद्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने में सहयोग करने पर हरियाणा की जनता का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि जनता के बीच जाएंगे। सर्व समाज को विश्वास में लेते हुए जनता का विश्वास जीतेंगे और लोगों के सहयोग से हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएंगे। श्री प्रधान ने कहा कि हमारे प्रतिद्वंदी के पास कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं है। कांग्रेस सिर्फ भ्रम, झूठ और शंका पैदा करने वाला समूह है। लोकसभा चुनाव में उनकी पराजय हुई है और एनडीए की वापसी हुई है। पिछले दो दिनों से लोकसभा और राज्यसभा में कांग्रेस ने सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने की बजाए रोड़े अटकाने वाली राजनीतिक शक्ति बनने का मन बनाया हुआ है।
धमेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बोलते हुए कहा कि मोदी जी हरियाणा की विधानसभा स्तर तक के कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। यही कारण है कि 2014, 2019 और 2024 तीनों लोकसभा चुनाव में हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद दिया जिससे दिल्ली में उत्तरदायी सेवा की व्यवस्था बनी। पिछले दो विधानसभा चुनावों में भी हरियाणा की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और तीसरी बार भी हरियाणा के लोगों का भरोसा और विश्वास भाजपा के साथ है और निश्चित रूप से भाजपा की सत्ता में वापसी होगी। श्री प्रधान ने कहा कि राजनीति जीवंत होती है, राजनीति प्रसंग आधारित होती है, राजनीति सूझ-बूझ की होती है और संगठन की रणनीति और मेहनत की होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। पिछले 10 सालों में हरियाणा में जनता की सेवा की है। आज हरियाणा ने भी कई पैमाने पर देश में अपनी विश्वसनीयता बनाई है।
चुनाव प्रभारी श्री प्रधान ने कहा कि हरियाणा सिर्फ एक प्रदेश नहीं, बल्कि हरियाणा भारत के अंदर सकारात्मकता लाने वाला एक मिजाज है। भारत की आर्थिक उन्नति में हरियाणा का अपना स्थान है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का आह्वान किया है और 5 ट्रिलियन इकोनॉमी की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के हिसाब से हरियाणा सबसे उपर है और पीएम मोदी के विजन को लीड करेगा। देश को एक नई उंचाई तक जाने के लिए हरियाणा के नेतृत्व की भी आवश्यकता है। हरियाणा की जनता ने पिछले 20 सालों में 10-10 साल की कांग्रेस और भाजपा की सरकार को आंका है। 2004 से 2014 तक कांग्रेस और 2014 से 2024 तक भाजपा को देखा और परखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है।
विपक्ष को घेरते हुए श्री प्रधान ने कहा कि विपक्ष ने अनावश्यक राजनीतिक पैंतरा अपनाया हुआ है। सभी को मालूम है कि जिस पार्टी के पास बहुमत होता है स्पीकर भी उसी का होता है, लेकिन विपक्ष ने इसमें विपरित रवैया अपनाया। राष्ट्रपति के अभिभाषण की चर्चा को भी अटकाने का प्रयास किया। कांग्रेस पर तंज कसते हुए श्री प्रधान ने कहा कि कांग्रेस कुंठित होने के कारण दुविधा में है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस फिर से झूठ और भ्रम फैलाएगी। उन्होंने कहा कि हमें हरियाणा की जनता पर भरोसा है और जनता को भाजपा पर भरोसा है। सुशासन के आधार पर हरियाणा में भाजपा की तीसरी बार सत्ता वापसी होगी।
पत्रकार के एक सवाल पर बोलते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि लोग विकास चाहते हैं, इसलिए भाजपा को तीसरी बार दायित्व देंगे। 10 सालों में भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव चाहे नगरपरिषद का हो, लोकसभा या फिर विधानसभा का हो, भाजपा सदैव चुनाव को चैलेंज के रूप में लेती है।
विधानसभा चुनाव में दूसरी पार्टी से गठबंधन के सवाल पर धमेंद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा अपनी ताकत पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी को प्रदेश की जनता पर भरोसा है और कार्यकर्ताओं की निष्ठा पर विश्वास है और हम आगामी चुनाव जीतेंगे। नीट की परीक्षाओं पर पूछे गए सवालों पर धमेंद्र प्रधान ने खुलकर जवाब दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चर्चा ही नहीं चाहती, बल्कि चर्चा से भागना चाहती है। कांग्रेस का उद्देश्य विद्यार्थी हित नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरा प्रकरण सीबीआई को सौंप दिया है।

Share This Post:-
Post Views: 14 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *