दिल्लीराष्ट्रीय

किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव खरीदकर पूंजिपतियों को देने का हिसाब किसानों को दे कांग्रेस : –धर्मेंद्र प्रधान

दिल्ली, 4 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी ने कुरूक्षेत्र के थानेसर में ‘‘म्हारा हरियाणा, नॉन स्टॉप हरियाणा’’ चुनावी रैली से रविवार को विधानसभा चुनाव का आगाज कर दिया है। रैली में केंद्रीय मंत्री एवं हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने कांग्रेस पर गरजते हुए कहा कि आज कांग्रेस हिसाब मांग रही है, लेकिन हमें कांग्रेस को हिसाब देने की कोई जरूरत नहीं है। हमें हरियाणा के लोगों को हिसाब देना है और मुख्यमंत्री नायब सैनी दे रहे हैं। श्री प्रधान ने कहा कि 2004 से 2014 का कांग्रेस और 2014 से 2024 तक का भाजपा द्वारा कराए गए कामों की तुलना होनी चाहिए। 2014 से पहले कांग्रेस ने हरियाणा को तबाह कर दिया था। प्रदेश में कांग्रेस के समय लूटराज चल रहा था, युवाओं के भविष्य पर कांग्रेस ने फुल स्टॉप लगाने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नॉन स्टॉप विकास किया और कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर फुलस्टॉप लगाया।

धमेंद्र प्रधान ने कहा कि बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस के नेता झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 1 लाख 41 हजार युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरी दी है। अगर कांग्रेस के पास हिसाब-किताब है तो वह नाम और आंकड़ों सहित लेकर आएं कि कांग्रेस ने अपने समय में कितने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी दी थी। कांग्रेस को युवाओं के भविष्य से ईर्ष्या है, कांग्रेस नहीं चाहती कि हरियाणा के युवाओं को रोजगार मिले, इसलिए कांग्रेस बार-बार कोर्ट जाकर नौकरियों को रूकवाने का काम करती है।

पूर्व सीएम हुड्डा और उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा को निशाने पर लेते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि पिता-पुत्र तय करें कि 2004 से 2014 तक कितने दलितों के घर जले, कितने दलित बेघर हुए और कितने दलितों पर अत्याचार हुए उसका हिसाब कौन देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में तो किसानों की हजारों एकड़ जमीन को कौड़ियों के भाव बिल्डरों को देने का काम किया गया। उन्होंने कांग्रेस को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि सबसे ज्यादा महिलाओं पर अत्याचार कांग्रेस शासन में हुए हैं। कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला से सवाल करते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि क्या सैलजा और सूरजेवाला अपना नेता दीपेंद्र हुड्डा को मानते हैं इसका जवाब देना चाहिए?

धमेंद्र प्रधान ने कहा कि आज हम कुरूक्षेत्र में धर्म युद्ध के लिए एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट है कि हरियाणा के विकास से ही देश का विकास संभव है। प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक मजबूत सरकार की आवश्यकता है। एक ऐसी सरकार की आवश्यकता है जो भ्रष्टाचार पर लगाम लगा सके, महिलाओं को सम्मान दिला सके, किसानों को चिंता मुक्त कर सके और यह काम सिर्फ मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ही कर सकती है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी की प्रशंसा करते हुए धमेंद्र प्रधान ने कहा कि सीएम सैनी ने किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा करके यह प्रमाणित कर दिया है कि किसानों का हित सिर्फ और सिर्फ भाजपा सरकार में ही संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि चुनाव में समय कम है, इसलिए सभी कार्यकर्ता हरेक घर जाएं और पार्टी की नीतियों का प्रचार करें। हरियाणा में नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाकर देश की प्रगति में सहायक बनें। रैली में उमड़ी भीड़ पर बोलते हुए श्री प्रधान ने कहा कि आप लोगों ने तय कर दिया है कि थानेसर विधानसभा की सीट भाजपा की झोली में आनी तय है।

Share This Post:-
Post Views: 14 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *