राष्ट्रीय

सिक्किम में एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-VI परियोजना में बड़ा हादसा, टनल में गैस विस्फोट से 10 कर्मियों की मौत

संदिग्ध मीथेन गैस के विस्फोट से हादसा, राहत एवं बचाव अभियान जारी; मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इंकार नहीं

Amar sandesh नई दिल्ली/गंगटोक। विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम एनएचपीसी की निर्माणाधीन 500 मेगावाट तीस्ता स्टेज-VI जलविद्युत परियोजना में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। दक्षिण सिक्किम के समरडुंग स्थित हेड रेस टनल (एचआरटी) में संदिग्ध मीथेन गैस के अचानक विस्फोट से घना धुआं और विषैली गैस फैल गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

एनएचपीसी के अनुसार, यह दुर्घटना 20 जुलाई 2026 को दोपहर 1:04 बजे हुई, जब निर्माणाधीन टनल के भीतर चट्टानों में फंसी संदिग्ध मीथेन गैस का अचानक विस्फोट हुआ। विस्फोट के बाद टनल में धुआं और जहरीली गैस भर गई, जिससे वहां कार्यरत कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।

घटना के तुरंत बाद एनएचपीसी ने अपनी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली सक्रिय कर दी। जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), डीजीएमएस की विशेष बचाव टीम तथा अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं। एनएचपीसी का शीर्ष प्रबंधन भी मौके पर पहुंचकर अभियान की निगरानी कर रहा है।

अमर संदेश की एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से हुई बातचीत के अनुसार, खबर लिखे जाने तक 10 कर्मियों की मौत की पुष्टि हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान लगातार जारी है और अभी अंतिम स्थिति के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे बचाव कार्य आगे बढ़ेगा, स्थिति और स्पष्ट होगी।

एनएचपीसी ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कंपनी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा एनएचपीसी परिवार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है।

(समाचार लिखे जाने तक उपलब्ध आधिकारिक एवं एनएचपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की संख्या 10 है। राहत एवं बचाव अभियान जारी होने के कारण यह आंकड़ा आगे बदल सकता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *