दिल्लीराष्ट्रीय

उत्तराखण्ड आपका घर है. दिल से स्वागत है पूर्वोत्तर के युवाओं से बोले पुष्कर सिंह धामी

 तालकटोरा स्टेडियम में गूंजा एकता का संदेश, धामी ने कहा युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

Amar sandesh नई दिल्ली। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित NeST Fest-2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्वोत्तर राज्यों से आए युवाओं का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा, “देवभूमि उत्तराखण्ड आपका अपना घर है।” मुख्यमंत्री के इस संदेश ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं के बीच अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव का माहौल बना दिया।

धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और पूर्वोत्तर भले ही देश के अलग-अलग हिस्सों में स्थित हों, लेकिन पहाड़, प्रकृति, संस्कृति और जीवनशैली की अनेक समानताएं दोनों क्षेत्रों को एक-दूसरे के करीब लाती हैं। ऐसे आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों के युवाओं को जोड़ने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि तालकटोरा स्टेडियम में दिखाई दे रही युवा ऊर्जा में उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य नजर आ रहा है। युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति हैं। उनके सपने, प्रतिभा और मेहनत विकसित भारत की नई तस्वीर तैयार करेंगे।

मुख्यमंत्री ने NeST Fest-2026 को केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम न बताते हुए कहा कि यह पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय एकता का उत्सव है। My Home India द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना और मजबूत होती है।

उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति और प्रतिभा के बिना भारत की विविधता अधूरी है। मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्व. भूपेन हजारिका जैसी महान प्रतिभाओं ने देश का गौरव बढ़ाया है।

‘खूब पढ़ो, खूब खेलो और बड़े सपने देखो’

धामी ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे खूब पढ़ें, खूब खेलें, बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में युवाओं के लिए लगातार नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखण्ड में वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। उत्तराखण्ड से राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर में होने वाले राष्ट्रीय खेल भी खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में शिक्षा प्राप्त कर रहे पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति के सामर्थ्य से ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प साकार होगा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *