कारोबारराष्ट्रीय

बैंक हड़ताल के बीच 27 सितंबर को खुले रहेंगे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक

Amar sandesh नई दिल्ली। बैंक संघों के संयुक्त मंच (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के मद्देनजर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक रविवार, 27 सितंबर को सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकार ने लगातार पड़ने वाले सप्ताहांत अवकाश और हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं पर संभावित असर को देखते हुए यह कदम उठाया है।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, 26 और 27 सितंबर के सप्ताहांत के बाद तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल है। ऐसे में ग्राहकों की आवश्यक बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर को बैंक खुले रखने का निर्णय लिया गया है।

भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 27 सितंबर को बैंक शाखाओं, बैंक कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की अनुमति दी है। इससे ग्राहकों को रविवार को भी जरूरी बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की है। यूनियनों का कहना है कि इस व्यवस्था को लेकर पहले सहमति बन चुकी है, लेकिन इसके कार्यान्वयन का मामला अभी लंबित है। इसके अलावा यूनियनों ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) से जुड़े मुद्दे भी उठाए थे। वित्त मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने PLI योजना को फिलहाल स्थगित रखा है।

इसके बावजूद पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर बैंक प्रबंधन और यूनियनों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। इसी के चलते UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल का आह्वान किया है।

हड़ताल का अंतिम दिन 30 सितंबर है, जो बैंकों के अर्धवार्षिक लेखा-समापन की तारीख भी है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से हड़ताल वापस लेने या स्थगित करने की अपील की है।

वित्त मंत्रालय ने कहा है कि बैंक ग्राहकों की सुविधा और आवश्यक बैंकिंग सेवाओं की निरंतरता सरकार की प्राथमिकता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *