उत्तर प्रदेशदिल्लीराष्ट्रीय

एलिम्को में विश्वस्तरीय बोसिया कोर्ट का लोकार्पण, दिव्यांग खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक प्रशिक्षण

बोसिया कोर्ट दिव्यांग खिलाड़ियों को नई पहचान देगा–प्रवीण कुमार

 

Amar sandesh दिल्ली/कानपुर, 9 जुलाई। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के नारामऊ स्थित मुख्यालय में गुरुवार को अत्याधुनिक एलिम्को बोसिया कोर्ट का लोकार्पण किया गया। इसका उद्घाटन एलिम्को के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने किया।

यह बोसिया कोर्ट विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए विकसित किया गया है, जिससे उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास की आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके माध्यम से खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।

बोसिया एक अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक खेल है, जिसे गंभीर शारीरिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों के लिए विकसित किया गया है। रणनीति, एकाग्रता, सटीकता और कौशल पर आधारित यह खेल विश्वभर की पैरालंपिक प्रतियोगिताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

एलिम्को की अंतरराष्ट्रीय बोसिया खिलाड़ी सरिता द्विवेदी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में रजत पदक जीतकर भारत और एलिम्को का नाम रोशन कर चुकी हैं। माना जा रहा है कि नया बोसिया कोर्ट भविष्य में कई प्रतिभाशाली दिव्यांग खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर प्रवीण कुमार ने कहा कि एलिम्को गुणवत्तापूर्ण सहायक उपकरणों के निर्माण के साथ-साथ दिव्यांगजनों के समग्र सशक्तिकरण, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आवश्यक खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराने के लिए भी लगातार कार्य कर रहा है।।उन्होंने कहा कि यह बोसिया कोर्ट समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत करने और दिव्यांग खिलाड़ियों के आत्मविश्वास व प्रतिभा को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

समारोह में अतुल रुस्तगी (महाप्रबंधक, वित्त), संजीब अरोड़ा (महाप्रबंधक, कार्मिक एवं प्रशासन), विवेक द्विवेदी (प्रभारी महाप्रबंधक, उत्पादन) सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *